कुलदीप कुमार शर्मा ने उठाया मामला, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान ने एसपी से जांच व कार्रवाई को कहा
बीकानेर। पुलिस थाना सीटी कोतवाली में अधिवक्ता द्वारका प्रसाद चावला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मामले को लेकर बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य कुलदीप कुमार शर्मा सहित बार से जुड़े पदाधिकारियों को शिकायत दी गई है।
अधिवक्ता चावला की शिकायत के अनुसार 27 सितंबर की सुबह वे अपने भाई के साथ सीटी कोतवाली पहुंचे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाने में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की तथा उन्हें एचएम कार्यालय में ले जाकर मारपीट की। शिकायत में पुलिसकर्मियों द्वारा थप्पड़ मारने, बाल खींचने तथा मुक्के मारने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।
कान के पर्दे में चोट का आरोप
शिकायत में अधिवक्ता ने बताया कि कथित मारपीट के दौरान उनके बाएं कान पर जोर से थप्पड़ मारा गया, जिसके बाद कान में दर्द और सुनाई देना बंद होने की शिकायत हुई। थाने में मेडिकल नहीं करवाए जाने पर उन्होंने पीबीएम अस्पताल के नाक-कान-गला विभाग में जांच करवाई, जहां शिकायत के अनुसार बाएं कान का पर्दा फटने की बात सामने आई।
एसपी को बार काउंसिल का पत्र
मामले में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के कार्यवाहक सचिव विकास ढाका ने 30 सितंबर 2026 को बीकानेर पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा। पत्र में अधिवक्ता की ओर से पुलिसकर्मियों द्वारा शारीरिक हमला किए जाने की शिकायत का उल्लेख करते हुए मामले की व्यक्तिगत रूप से जांच कराने, आरोपों की शीघ्र जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
अधिवक्ता की शिकायत में थाना सीटी कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताते हुए उसे सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है।









