
मिनी बस पलटी, एक जने की मौत व 15 घायल, तीन बीकानेर रैफर, मालसर फांटे के पास मेगा हाइवे पर हुआ हादसा
सरदारशहर. भानीपुरा थाने के गांव मालसर फांटे के पास मेगा हाइवे पर मंगलवार को एक निजी मिनी बस पलट गई।
रिपोर्ट हनुमान प्रसाद सोनी सरदारशहर
जिसके कारण बस के परिचालक की मौत हो गई वही 15 अन्य बस सवार घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मिनी बस नोहर तहसील के गांव खुंईया से सरदारशहर आ रही थी कि मालसर फांटे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके कारण बस परिचालक ओमप्रकाश 22 पुत्र प्रभुराम लुहार निवासी पिचकराईताल की मौत हो गई वही अन्य बस में सवार भोजरासर निवासी दयाराम, भागीरथ, पिचकराईताल निवासी मोहरसिंह, जगदीश, रायपुरा निवासी पूजा, सुमिता, पनपालिया निवासी भगवानाराम, डालमाण निवासी सुमित, धाणसिया निवासी सुरेश, नोहर निवासी विष्णु, जीवणदेसर निवासी पालाराम, बुकनसर बडा निवासी प्रभुराम, देवकरण, किशनलाल, सुमन पारीक घायल हो गए। सूचना मिलते ही भानीपुरा व सरदारशहर पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर एम्बुलेंस 108, श्रीनाथ एम्बुलेंस व निजी वाहनों से घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर पहले से तैयार चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल भागीरथ, सुमित व मोहरसिंह को रैफर कर दिया। मृतक ओमप्रकाश दो भाई व तीन बहिनों में सबसे छोटा था। जिसकी दो साल पहले शादी हुई थी। परिवार के लोग खेती का कार्य करते है। वही पिचकराईताल निवासी भींवराज स्वामी ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि बस चालक तेज गति एवं लापरवाही से बस चलाने के कारण बस पलट गई। जिसके कारण परिचालक ओमप्रकाश की मौत हो गई तथा 15 जने घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बस पलटने के बाद मेगा हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर बस को साइड में किया तथा जाम खुलवाया। सूचना मिलते ही एसडीएम पवन कुमार, कांग्रेस नेता अनिल शर्मा, पालिकाध्यक्ष राजकरण चौधरी, उपाध्यक्ष अब्दुल रसीद चायल, प्रधान प्रतिनिधि मधुसुदन राजपुरोहित, सुरेश तिवाड़ी, पूर्व प्रधान सत्यनारायण सारण, राजू खोखर, शिवभगवान भाकर, जितेन्द्र स्वामी, सुरेश वर्मा, एडवोकेट महेन्द्र सींवर, डा.राजेन्द्र मोदी आदि अस्पताल पहुंचकर घायलों की मदद की।















