Bikaner Live

मनरेगा कार्य स्थल पर नियुक्त करें शत-प्रतिशत महिला मेट-जिला कलक्टर
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला मेट सम्मानित


बीकानेर, 11 मार्च। मनरेगा के तहत कार्यरत महिला मेटों का सम्मान शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में किया गया। ‘नए भारत की नारी’ अभियान के तहत ‘ गर्व से जीने की आजादी’ थीम पर आधारित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल थे। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की धुरी होती हैं। यह सशक्त और समर्थ होंगी, तो परिवार आगे बढ़ेगा। उन्होंने मनरेगा के तहत महिला मेटों को जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया, जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्र का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि जिले को मॉडल बनाते हुए प्रत्येक मनरेगा कार्यस्थल पर शत-प्रतिशत महिला मेट नियुक्त किए जाए। महिला सशक्तिकरण की दिशा में इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे। उन्होंने बिगड़ते लिंगानुपात पर चिंता जताई कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाने का आह्वान किया। साथ ही बेटी को शिक्षा, खेल सहित अन्य क्षेत्रों में पर्याप्त अवसर देने की आवश्यकता जताई तथा महिला मेटों को कार्यस्थल से संबंधित सभी आवश्यक तकनीकी संसाधन उपलब्ध करवाए जाने के निर्देश दिए।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. ने कहा कि महिलाओं ने प्रत्येक क्षेत्र ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हर क्षेत्र में बेटियां आगे बढ़ रही हैं। हमें इस दिशा में ओर अधिक प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिला मेटों द्वारा अपने दायित्व का गंभीरता पूर्वक निर्वहन किया जाए।
इससे पहले विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया। अधिशाषी अभियंता धीर सिंह गोदारा ने आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन आईईसी कोऑर्डिनेटर गोपाल जोशी ने किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 18 महिला मेटों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ऑन स्पॉट प्रतियोगिता में संतोष रही विजेता
कार्यक्रम के दौरान मेट के दायित्व और अधिकारों पर आधारित ऑन स्पॉट प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कोलायत की संतोष प्रथम, पिंकी बानो द्वितीय स्थान पर रही तथा श्री डूंगरगढ़ की सुगना मेघवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

Author picture

खबर

http://

Related Post