
पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने सूरतगढ़ से राजस्थान की सरकार पर निशाना साधा. राजे ने कहा कि एक तो केंद्र में मोदी सरकार है, जो सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के आधार पर काम करती है. दूसरी तरफ़ यहां राजस्थान में कांग्रेस की गहलोत सरकार है, जो खुद का साथ और खुद का विकास के फ़ार्मूले पर चल रही है. राजे सूरतगढ़ में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष संकल्प महोत्सव को सम्बोधित करने के दौरान यह बात कही.
वसुंधरा राजे ने कहा कि मौजूदा गहलोत सरकार ने कीर्तिमान स्थापित किए लेकिन वे सभी नकारात्मक दिशा में हैं. राजे ने कहा कि भ्रष्टाचार में देश में सर्वोच्च पायदान पर राजस्थान है. बेरोजगारी में भी प्रदेश नम्बर वन है. बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि महिला अत्याचार और दंगो में भी राजस्थान की यही स्थिति है.
वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान में क़ानून और व्यवस्था के साथ बिजली भी ग़ायब हो गई है, जहां हर रोज़ाना दुष्कर्म, लूट और क़त्ल हो रहें है. उन्होंने कहा है कि सरकार ने साढ़े तीन साल में एक ही उपलब्धि हासिल की है. राजे ने कहा कि सरकार के पास उपलब्धि के नाम पर अगर कुछ है तो वह है, ‘प्रदेश की जनता असुरक्षित, सरकार की गद्दी सुरक्षित’
हमारी सारी योजनाएँ बन्द की- वसुंधरा
उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने हमारी टोल फ्री सड़कें, अन्नपूर्णा योजना, भामाशाह योजना, गौरव पथ और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबल अभियान जैसी कई योजनाएं बंद कर दी. अन्नपूर्णा रसोई योजना का नाम बदल कर इंदिरा रसोई और भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना का नाम बदलकर चिरंजीवी योजना कर दिया.
मीडिया सूत्र














