Bikaner Live

शिक्षा मंत्री ने पूगल रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास नवनिर्मित सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण-शिक्षा मंत्री ने किया हॉल और चारदीवारी का लोकार्पण


बीकानेर, 31 जुलाई। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने रविवार को जनता प्याऊ के पास स्थित बड़ी करबला में विधायक कोष से 10 लाख रुपए की लागत से बने हॉल और चारदीवारी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर डॉ. कल्ला ने पीडब्ल्यूडी के अभियंता को करबला की बची हुई चारदीवारी तथा दरवाजे के निर्माण का तख्मीना उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीर तलाई के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में 614 करोड़ रुपए की वृहद पेयजल योजना का शिलान्यास किया गया। इस योजना के तहत शहर में पानी की 18 नई टंकियां बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता प्याऊ, मोहता सराय और आसपास के क्षेत्र में पानी की किल्लत नहीं रहे, इसके मद्देनजर यहां भी आवश्यकता के अनुसार टंकी स्वीकृत की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में सड़कों का निर्माण करवाया गया है। क्षेत्र में जनता क्लीनिक स्वीकृत की गई है। उन्होंने मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को महत्वपूर्ण बताया तथा कहा कि अल्पसंख्यक समाज के लोग अपने बच्चों को अच्छी तालीम दें।
समाजसेवी अनवर उस्ता ने विधायक निधि से 10 लाख रुपए स्वीकृत करने पर शिक्षा मंत्री का आभार जताया। मुजीब खिलजी ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिरडा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता, अधिशाषी अभियंता जे.पी. अरोड़ा, इंसाफ छींपा, वारिस उस्ता, दिलावर उस्ता, फरोक नज़म, इमरान उस्ता, जइद उस्ता और अजीज उस्ता आदि मौजूद रहे।


बीकानेर, 31 जुलाई। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने रविवार को पूगल रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास कुम्हार समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। विधायक कोष से बने इस भवन पर 12 लाख रुपए व्यय किए गए हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में 6 करोड रुपए की लागत से शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करवाया जा रहा है। इस केंद्र के बन जाने से क्षेत्र के लोगों को स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और चिकित्सा तंत्र सुदृढ़ीकरण के लिए संकल्पबद्ध रूप से कार्य कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना संचालित की जा रही है, जो अपने आप में अनूठी योजना है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा विधायक निधि से प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के प्रयास किए हैं। शहर में बने यह सामुदायिक भवन आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस नवनिर्मित भवन के बचे हुए कार्य का एस्टीमेट बनाकर उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की जाएगी। स्थानीय लोगों द्वारा सड़क दुरुस्तीकरण की मांग पर उन्होंने कहा कि मानसून के पश्चात यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिरडा, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता, अधिशाषी अभियंता जेपी अरोड़ा, लालचंद सोनी, श्रीराम तर्ड, लालाराम खुड़िया, डूंगर राम भाटीवाल पुरखाराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Author picture

खबर

http://

Related Post