Bikaner Live

कॉलेजों व विवि में मतदान प्रतिशत कम, परिणाम कल

बीकानेर,विद्यार्थियों से हाथ जोड़ व पैर पकड़कर वोट मांगते प्रत्याशी, मतदाताओं को चुपके से नाम बताने की कोशिश, बाड़ाबंदी से मतदाता विद्यार्थियों को कॉलेज तक गाडिय़ों में भरकर लाते कार्यकर्ता, मतदान देने के लिए आधा किमी तक पैदल जाते विद्यार्थी, अपने प्रत्याशी के समर्थन में कैंपस के बाहर नारे लगाते समर्थक। यह नजारा शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव के दौरान कॉलेजों व विश्वविद्यालय के बाहर देखने को मिला। कॉलेज-विवि के बाहर संगठनों के प्रत्याशी व कार्यकर्ता जोर-शोर से समर्थन मांगते नजर आए। हालांकि इस बार प्रमुख कॉलेजों व विवि में मतदान प्रतिशत कम रहा। कॉलेजों में 40 से 45 प्रतिशत और विश्वविद्यालयों में करीब 50 से 60 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र भी वितरित किए जाते रहे। मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक हुआ। नए वोटर उत्साहित विवि-महाविद्यालयों में पहली बार वोट देने के लिए बीकानेर जिले के आसपास के छात्र व छात्राएं काफी उत्साहित दिखे। माना जा रहा है कि नए मतदाता विद्यार्थी ही इस बार प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। सभी कॉलेज व विवि 27 अगस्त को मतगणना के दिन वापस इन मतपेटियों को ले जाकर मतगणना करवाएंगे। जानकारी के अनुसार महाराजा गंगासिंह विवि में 590,डूंगर कॉलेज में 4400, एम एस कॉलेज में 1462,जैन कन्या कॉलेज में 419,जैन पी जी कॉलेज में 187,रामपुरिया जैन कॉलेज में 457,नेहरू शारदा पीठ में 64 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

डूंगर कॉलेज में हल्का बल प्रयोग
उधर संभाग के सबसे बड़े डूंगर महाविद्यालय में पुलिस को उस समय बल प्रयोग करना पड़ा। जब प्रत्याशियों के समर्थकों के एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी से माहौल खराब होने के हालात बने। इस दौरान एसएफआई प्रत्याशी के समर्थकों ने पुलिस के बल प्रयोग का विरोध भी किया। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा भी हुआ।

महारानी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव तथा संयुक्त सचिव के निर्वाचन हेतु विद्यार्थियों ने अनुशासित तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में प्रातः 9:00 बजे तक 4.13 प्रतिशत, प्रातः 10:00 बजे तक 10 .23 प्रतिशत, 11:00 बजे तक 21.45 प्रतिशत, मध्यान्ह 12:00 बजे 34.21 प्रतिशत तथा मतदान समाप्ति पर मध्यान्ह 1:00 बजे तक कुल मतदान 41.10 प्रतिशत रहा। प्राचार्य डॉक्टर विजय श्री गुप्ता ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने हेतु मुख्य चुनाव अधिकारी डॉक्टर इंदिरा गोस्वामी को बधाई ज्ञापित की तथा अनुशासित तरीके से चुनाव संपन्न करवाने में विद्यार्थियों के अतुलनीय योगदान की प्रशंसा की।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉक्टर इंदिरा गोस्वामी ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तथा पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने हेतु महाविद्यालय में मतदान हेतु कुल 9 बूथ बनाए गए थे जिनमें विद्यार्थियों ने अनुशासित और शांति पूर्वक मतदान किया । जिला प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण मतदान हेतु कार्यपालक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस दस्तों का गठन कर व्यवस्थाओं को प्रबंधित किया । छात्रसंघ चुनाव हेतु महाविद्यालय में पर्यवेक्षक के रुप में डॉक्टर उमाकांत गुप्ता तथा डॉक्टर गार्गी राय चौधरी ने मतदान व्यवस्थाओं का निरंतर अवलोकन किया।
राजकीय महारानी कॉलेज में 3557 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें से कुल 1462 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने पर समस्त मत पेटियों को संग्रहित कर जिला कोषागार में सुरक्षित रखवाया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉक्टर इंदिरा गोस्वामी ने बताया कि दिनांक 27 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे से महाविद्यालय में मतगणना प्रारंभ की जाएगी, परिणाम घोषित होने पर विजेता अभ्यर्थियों को पदवार शपथ दिलवा कर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

डूंगर काॅलेज में छात्र संघ मतगणना सम्पन्न,कुल 48.18 प्रतिशत छात्रों ने किया मतदान कल होगी मतगणना
बीकानेर संभाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय में शुक्रवार को मतदान की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। प्राचार्य डाॅ. जी.पी.सिंह ने बताया कि प्रातः 8 बजे से विद्यार्थियों ने शांतिपूर्वक मतदान किया तथा निर्धारित 1 बजे तक महाविद्यालय परिसर में प्रवेशित सभी विद्यार्थियों को मतदान की अनुमति दी गई। डाॅ सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई तथा विद्यार्थियों में सौहार्द्धपूर्ण तरीके से मतदान किया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में कुल 9132 मतदाताओं में से 4400 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तथा मतदान प्रतिशत 48.18 प्रतिशत रहा। प्राचार्य ने पुलिस एवं जिला प्रशासन का शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग हेतु आभार प्रकट किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. इन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा मतदान हेतु चाक चौबंद व्यवस्था की गयी थी जिसके परिणामतः सफलतापूर्वक मतदान सम्पन्न हो सका। उन्होनं कहा कि दिव्यांगजनों के लिये महाविद्यालय स्तर पर विशेष संवेदनशीलता दिखाई गई जिससे उनके द्वारा भी आसानी से मतदान के अधिकार का उपयोग किया जा सका। डाॅ. राजपुरोहित ने बताया कि मतगणना शनिवार 27 अगस्त को प्रातः 10 बजे से प्रारभ्म होगी तथा उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जावेगा। उन्होनें बताया कि मतगणना के दौरान केवल प्रत्याशियों अथवा उनके प्रतिनिधियों को ही मतगणना स्थल पर प्रवेश की अनुमति रहेगी अन्य किसी भी विद्यार्थी को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जावेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान अधिकारियों एवं महाविद्यालय के कार्मिकों के सहयोग की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
लिंगदोह समिति के प्रभारी अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को लिंगदोह समिति के दिशा निर्देशों की पालना करने हेतु निर्देशित किया गया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!