Bikaner Live

जल जीवन मिशन कार्यों की मासिक बैठक समीक्षा सोमवार को… समाचार सार

तीसरी बटालियन आरएसी बीकानेर के कॉन्स्टेबल भर्ती 2021 के चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 14 नवंबर को
बीकानेर, 4 नवंबर। तीसरी बटालियन आरएसी बीकानेर के कॉन्स्टेबल भर्ती 2021 में शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मापतौल परीक्षा के पश्चात चयनित अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस वेबसाइट तथा तीसरी बटालियन आरएसी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई है।
तीसरी बटालियन आरएसी के कमांडेंट राजकुमार चौधरी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति की अग्रिम प्रक्रिया दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अपने मूल दस्तावेज सहित 14 नवंबर को प्रातः 8 बजे तीसरी बटालियन आरएसी में अपनी उपस्थिति देनी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, अंतिम शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी चरित्र प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, दो फोटो पहचान पत्र, दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा जारी चरित्र प्रमाण-पत्र जो 6 माह से पुराना ना हो, दहेज नहीं लेने संबंधी घोषणा-पत्र, संतान संबंधी घोषणा-पत्र, एक से अधिक जीवित पत्नी नहीं होने के संबंध में शपथ-पत्र, अपराधिक गतिविधियों में सम्मिलित या सजायाफ्ता नहीं होने के संबंध में घोषणा-पत्र, वर्ष 2020-21 की आय के आधार पर जारी आर्थिक पिछड़ा वर्ग का प्रमाण-पत्र, बंध-पत्र, नवीन पासपोर्ट साइज की 10 रंगीन फोटो, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र एवं अन्य कोई प्रमाण-पत्र लाना होगा। इसके अतिरिक्त भूतपूर्व सैनिक होने की स्थिति में एनओसी, डिस्चार्ज प्रमाण-पत्र तथा पेंशनर प्रमाण-पत्र, राजकीय कर्मचारी होने की स्थिति में प्रमाण-पत्र एवं नियोक्ता अथवा विभागाध्यक्ष द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण-पत्र, निर्धारित परीक्षा शुल्क छूट लेने की स्थिति में आवेदन पत्र की फोटो प्रति एवं आय प्रमाण-पत्र, निर्धारित श्रेणी के अभ्यर्थी द्वारा किसी कारण से आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है तथा अंतिम तिथि के पश्चात प्रमाण-पत्र जारी किया गया हो तो वह इस आशय का शपथ पत्र प्रस्तुत करेगा कि वह अंतिम तिथि तक संबंधित श्रेणी की पात्रता रखता था तथा यह सूचना गलत पाए जाने पर उसकी नियुक्ति निरस्त की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को इन सभी दस्तावेजों की दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां निर्धारित दिनांक एवं समय पर लानी होगी तथा निर्धारित एवं समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में चयन सूची से अभ्यर्थी का नाम पृथक कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को इस संबंध में किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य किसी भी प्रकार का मानदेय देय नहीं होगा।

जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक गुरुवार को
बीकानेर, 4 नवंबर । जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक 17 नवंबर को प्रातः 10 बजे जिला परिषद सभागार में जिला कलेक्टर श्री भगवती प्रसाद कलाल की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की सचिव सवीना बिश्नोई ने यह जानकारी दी।

जल जीवन मिशन कार्यों की मासिक बैठक समीक्षा सोमवार को
बीकानेर, 4 नवंबर। जल जीवन मिशन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को दोपहर एक बजे जिला कलक्टर सभागार में जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छ्ता मिशन श्री भगवती प्रसाद कलाल की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश पुरोहित ने दी।

सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार
ग्राम पंचायत स्तर पर 14 को होंगी विशेष ग्राम सभाएं
बीकानेर, 4 नवंबर। राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार- प्रसार एवं ग्रामीणों को इनकी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर 14 नवंबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. ने जिले की समस्त पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से कोई भी पात्र परिवार वंचित ना रहे, इसके मद्देनजर ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्रदान करें तथा ग्राम सभाओं के आयोजन की रिपोर्ट प्रेषित करना सुनिश्चित करें।

कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए किए गए निरीक्षण
अनियमितता पाए जाने पर की गई कार्यवाही

बीकानेर 4 नवंबर। किसानों को उच्च गुणवत्ता के कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न कृषि आदान विक्रेताओं के यहां औचक निरीक्षण कर कार्यवाही की गई।
उपनिदेशक कृषि विस्तार कैलाश चौधरी ने बताया कि निरीक्षण में किसान एग्रो एजेंसी में अनियमितता पाए जाने पर बीज व कीटनाशकों की बिक्री पर दस दिन की रोक लगाते हुए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया। साथ ही रबी सीजन के बीजों की गुणवत्ता जांच हेतु 6 नमूने भी लिए गए। उन्होंने बताया कि संयुक्त निदेशक कृषि नवल किशोर शर्मा तथा शिवराज जांगिड़ के नेतृत्व में दो दिन तक चले इस निरीक्षण अभियान के दौरान किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता, संबंधित रिकॉर्ड संधारण के लिए निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाने की बात कही गई। निरीक्षण में कई आदान विक्रेताओं के यहां कमियां पाए जाने पर नोटिस भी जारी किए गए। चौधरी ने बताया कि टीम द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित चारभुजा सीड्स , जूनागढ़ किले के पीछे स्थित अग्रसेन एग्रो सेल्स कॉर्पाेरेशन व कृषि मंडी स्थित श्री खाद भंडार, गाट एग्रो एजेंसी, जय दयाल एग्रो पर बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी नमूने लेकर अनियमितता पाए जाने पर बिक्री की रोक लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण दल में सहायक निदेशक कृषि विस्तार अमर सिंह गिल तथा कृषि अधिकारी सुभाष चंद्र बोस विश्नोई, राजेश कुमार गोदारा, भैराराम गोदारा,धन्ना राम बरड सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

साधारण सभा की बैठक 15 नवंबर को
बीकानेर,4 नवंबर। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक अब 15 नवंबर को दोपहर 12.15 जिला परिषद सभागार में आयोजित होगी।
इससे पहले, साधारण सभा की बैठक 8 नवंबर को होनी थी जिसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. ने यह जानकारी दी।

Author picture

खबर

Related Post

error: Content is protected !!