Bikaner Live

जयपुर: सरपंच से सीएम तक जानिए पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा के राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने की असली कहानी

जयपुर: राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री एवं सांगानेर से विधायक भजन लाल शर्मा नए मुख्यमंत्री होंगे। भरतपुर के रहने वाले भजन लाल शर्मा भाजपा संगठन का अहम चेहरा माने जाते हैं। वे पार्टी के संगठन मंत्री रहे हैं और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। 55 साल के भजन लाल शर्मा लो प्रोफाइल रहते हैं। वे पार्टी संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) दोनों के करीबी माने जाते हैं। इसी वजह से राजस्थान भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही कयासबाजियों के सारे पैमाने फेल हो गए।

भजन लाल शर्मा को राजस्थान में सामान्य वर्ग के रूप में एक मजबूत चेहरे को तौर पर जाना जाता है। वे पिछले 35 साल से राजनीति में सक्रिय हैं। भजन लाल शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा अटारी गांव हुई । इसके बाद माध्यमिक शिक्षा के लिए वे नदबई आ गए। इसी समय शर्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ गए। एबीवीपी के 1990 के कश्मीर मार्च में भजन लाल शर्मा का सक्रिय सहभाग रहा। उन्होंने 100 कार्यकर्ताओं के साथ उधमपुर तक मार्च कर गिरफ्तारी दी। 1992 में श्रीराम जन्मभूमी आंदोलन में जेल भी गए। इसके बाद 1991-92 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिम्मेदारी मिली।

2000 से 2005 तक रहे अटारी गांव के सरपंच:
भजन लाल शर्मा ने 27 साल की उम्र में अटारी गांव से सरपंच का चुनाव लड़ा। वे 2000 से 2005 तक अटारी गांव के सरपंच रहे। इसके बाद 2010 से 2015 पंचायत समिति सदस्य रहे। नए मुख्यमंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा नदबई मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री भाजयुमो, तीन बार जिला अध्यक्ष भाजयुमो, जिला मंत्री भाजपा भरतपुर, 2009 से 2014 तक भरतपुर के जिला अध्यक्ष, 2014 से 2016 तक प्रदेश उपाध्यक्ष राजस्थान और 2016 से अब तक प्रदेश महामंत्री रहे।

वसुंधरा राजे ने भजन लाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा:
भाजपा की मंगलवार सायं करीब चार बजे हुई विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से पहली बार विधायक बने शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया जबकि विधायक दीया कुमारी एवं प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर फैसला हुआ। बैठक के बाद पर्यवेक्षक एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि विधायक दल के नेता के चयन के लिए आयोजित बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। राजनाथ सिंह ने बताया कि इसी तरह विधायक दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा दो उपमुख्यमंत्री के नाम पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया जबकि पूर्व मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे।

भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा राजस्थान:
राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान भाजपा विधायक दल के सर्वसम्मत नेता निर्वाचित हुए हैं और उनके नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ेगा। राजनाथ ने शर्मा को नेता चुने जाने पर बधाई दी। इसी तरह पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी एवं पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह सहित विधायकों ने भजनलाल शर्मा को बधाई दी। इसके बाद शर्मा राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलने राजभवन पहुंचे। उनके साथ श्री राजनाथ सिंह, वसुंधरा राजे, दीया कुमारी एवं प्रेम चंद बैरवा आदि मौजूद थे।

जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद क्या बोले भजनलाल शर्मा:
भजनलाल शर्मा पार्टी में प्रदेश महामंत्री के रुप में भूमिका निभा रहे थे और हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में उन्हें जयपुर की सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बनाया और वह पहली बार विधायक बने। वह चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेन्द्र भारद्वाज को 48 हजार से अधिक मतों से हराकर विधायक निर्वाचित हुए। विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है उसे और अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

दीया कुमारी विद्याधरनगर से विधायक चुनी गई और वह दूसरी बार विधायक बनी हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम अग्रवाल को प्रदेश में सर्वाधिक 71 हजार से अधिक मतों से हराकर दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुई। इससे पहले वह वर्ष 2013 से सवाईमाधोपुर से विधानसभा चुनाव लड़कर पहली बार विधायक चुनी गई थी। वह विद्याधरनगर से विधायक चुने जाने से पहले राजसमंद से सासंद थी और उन्होंने विधायक बनने के बाद संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

प्रेम चंद बैरवा दूदू विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। बैरवा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 35 हजार से अधिक मतों से हराकर विधायक निर्वाचित हुए। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2013 के चुनाव में भी दूदू से विधायक चुने गए। वासुदेव देवनानी अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पाचंवीं बार विधायक बने और इससे पहले भाजपा की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। देवनानी पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!