डेपुटेशन पर लगे 250 टीचर्स को वापिस मूल स्कूलों में भेजने के आदेश
बीकानेर। सरकार बदलने का असर शिक्षा विभाग में दिखने लगा है। दो पूर्व शिक्षा मंत्रियों के कार्यकाल में जिन टीचर्स को घर के पास डेपुटेशन पर लगाया गया था, उन्हें अब वापस मूल स्कूल में ही जाना होगा। शिक्षा निदेशालय ने एक आदेश जारी करके करीब ढाई सौ टीचर्स को उनके मूल स्कूलों में भेजने के निर्देश दिए हैं। इनमें अधिकांश सीकर और बीकानेर में डेपुटेशन पर चल रहे हैं।
पूर्व शिक्षा मंत्री गोविन्द डोटासरा के गृह जिले सीकर डाइट, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित अनेक स्कूलों में अन्य जिलों से टीचर्स डेपुटेशन पर हैं। इसी तरह बीकानेर के शिक्षा निदेशालय, पंजीयक कार्यालय, डाइट और स्कूलों में भी टीचर्स डेपुटेशन पर चल रहे हैं। खासकर डाइट और पंजीयक कार्यालय में टीचर्स बिना जरूरत के ही डेपुटेशन पर है। इनमें बड़ी संख्या में लेडी टीचर्स हैं जो बहुत कम समय देती हैं।
इस संबंध में जयपुर से ही निर्देश दिए गए हैं। एक यू नोट भी जारी किया गया है, जिसके आधार पर निदेशालय ने डेपुटेशन कैंसिल करने के निर्देश दिए हैं। जयपुर से आला अधिकारी बीकानेर, सीकर और जयपुर के डेपुटेशन पर ही खास नजर रखे हुए हैं।
शिक्षा विभाग के सीकर और बीकानेर में ही ढाई सौ से ज्यादा टीचर्स अन्य जिलों से और बीकानेर के दूरस्थ गांवों से इन जिला मुख्यालयों पर डेपुटेशन पर है। बीकानेर और सीकर के अलावा जयपुर डाइट और शिक्षा संकुल में भी बड़ी संख्या में टीचर्स डेपुटेशन पर चल रहे हैं।












