
सूडसर गांव के वीर तेजाजी गौशाला में शुक्रवार से सात दिवसीय संगीतमय गौ कृपा कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन कथावाचक चरणदास महाराज ने कहा कि सनातन धर्म का पालन करने वाले प्रत्येक परिवार गो पालन का संकल्प लें। गायों की दुर्दशा का कारण हमारी अनदेखी है। गौशालाओं में गायों को दाखिल करने से इतिश्री नहीं होगी बल्कि सप्ताह में एक दिन गौशाला में जाकर गायों की सेवा का सौभाग्य भी प्राप्त करें। गायों की सेवा करने पर घर परिवार में सुख समृद्धि व आरोग्य का वास हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन गाय की पीठ पर प्यार से हाथ फेरने से ही काफी लाभ प्राप्त होते हैं। इस स्पर्श थैरेपी से कईं प्रकार के रोगों से छुटकारा मिल सकता है। गौ रक्षा से जुड़े युवकों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि गायों की रक्षा करने का संकल्प हर व्यक्ति को लेना चाहिए। देश व प्रदेश में गौ हत्या पर प्रतिबंध लगे इसके लिए सरकारों को सोचना होगा। इससे पूर्व गांव के ठाकुरजी के मंदिर से मंगल कलश यात्रा निकली। जो कि सूडसर गोगामेड़ी, टेऊ चौपाल, सूडसर बाजार, सूडसर मुख्य कुंआ चौपाल होते हुए कथा स्थल वीर तेजाजी गोशाला पहुंची। आयोजन समिति के कोडाराम भादू ने बताया कि कथा की पूर्णाहुति आगामी 28 दिसंबर को होगी। इसी दिन रात्रि को भव्य जागरण का आयोजन होगा। जागरण में विख्यात गौ प्रेमी गायक कलाकार ओम मुंडेल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।














