
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नववर्ष के अवसर पर रामनिवास बाग एवं जेके लोन अस्पताल के पास स्थित रैनबसेरों में रह रहे लोगों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। साथ ही, उन्होंने सड़कों पर रह रहे निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रैनबसेरों में व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया एवं प्रबंधकों व कार्मिकों को रैनबसेरों को स्वच्छ और साफ रखने सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिशा निर्देश दिए।
सीएम शर्मा ने रैनबसेरों में रह रही महिलाओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने महिलाओं के रैनबसेरों में कपड़े की अस्थाई दीवार लगाने की जगह प्लाई की दीवार बनाने तथा लकड़ी का दरवाज़ा लगवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी रैनबसेरों के पास मोबाईल शौचालय खड़े करने के आदेश दिए ताकि वहां रह रहे लोगों को नित्यक्रियाओं के लिए दूर ना जाना पड़े। उन्होंने रैनबसेरों के आसपास बने गड्ढों को तुरंत भरने के आदेश दिए ताकि किसी को चोट ना लगे।














