Bikaner Live

बीकानेर में मौसम बदला, बारिश की संभावना
  • लूणकरनसर में तेज हवाओं के साथ अंधड़, बीकानेर में होली पर रिमझिम की आस

बीकानेर , 24 मार्च। होली पर बीकानेर में मौसम एक बार फिर पलट गया है। दो दिन पहले तक जहां शहर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं रविवार सुबह अचानक तेज अंधड के साथ बादलों ने तापमान गिरा दिया। मौसम विभाग ने तो बारिश की चेतावनी भी दी है। उधर, लूणकरनसर में तेज हवाओं के साथ अंधड़ शुरू हो गया है।

माैसम विभाग ने रविवार सुबह जारी एक अलर्ट में बीकानेर के साथ ही आसपास के जिलों में भी बारिश की उम्मीद जताई है। सुबह तक मौसम साथ था लेकिन आठ बजे बाद तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। लूणकरनसर में तो हवा की स्पीड तेज थी, जिससे मिट्‌टी के गुब्बार उठते दिखाई दिए। हालांकि बारिश यहां नहीं हुई, बल्कि सुबह कुछ देर के लिए रिमझिम हुई। बीकानेर में भी तेज हवाओं के साथ आंधी आई लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग का मानना है कि शाम हल्की मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली चमकने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह भी दी है, हालांकि अब तक ऐसा मौसम नहीं बना है।

प्रदेश में इन दिनों एक दो जिलों को छोड़कर सभी जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा सामने आ रहा है। छह जिलों में तो दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। तेज गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने जा रहा है। ऐसे में आज 24 मार्च को 13 जिलों में बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और बादलों की आवाजाही भी होगी। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

मौसम विभाग की ओर से राजस्थान के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से हल्की बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी हुआ है। उनमें अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ, जैसलमेर और गंगानगर जिले शामिल हैं। इस दौरान इन जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की भी संभावना है। शेष अधिकांश भागों में दो-तीन दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

तापमान में गिरावट

पिछले दिनों बीकानेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया था। आशंका थी कि पारा जल्दी ही चालीस का स्कोर पार कर लेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार को होली के दिन बादलों से घिर चुके बीकानेर में तापमान में गिरावट आई है। ये गिरावट आंशिक है और वापस जल्द ही बढ़ सकती है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!