बीकानेर, 30 मई। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ की साध्वीश्री विचक्षणश्रीजी, प्रवर्तनी, साध्वीश्री चन्द्र्रप्रभा की शिष्या विजय प्रभा, साध्वीश्री चंदन बाला, साध्वीश्री मनोहरश्रीजी की शिष्या साध्वीश्री मृगावती आदि ठाणा के सान्निध्य में रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में आयोजित 10 दिवसीय बाल धर्म संस्कार शिविर गुरुवार को परीक्षा और नवंकार महामंत्र के जाप के बाद संपन्न हुआ। जिनेश्वर युवक परिषद, विचक्षण व सामयिक महिला मंडल तथा ज्ञान वाटिका के सहयोग से आयोजित शिविर में 55 बालक बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
शिविर समापन पर साध्वीश्री चंदन बाला ने कहा कि शिविर से बच्चों में जीवन जीने की कला, मानवीय व धर्म निष्ठ शिक्षा के वास्तविक मूल्य, विवेक, जैन धर्म संस्कृति के आदर्श मूल्यों, देव, गुरु व धर्म के प्रति आस्था व निष्ठा जीवन को समझने की प्रेरणा मिली है । प्रशिक्षक साध्वीश्री पुण्य निधि ने बताया कि शिविर में ज्ञान, दर्शन व चारित्र का प्रशिक्षण दिया गया। ज्ञान वाटिका की सुनीता नाहटा ने बताया कि शिविर में बच्चों को नौ तत्व, नौ पद, 8 कर्मों, नवकार महामंत्र जाप, सामयिक, जिनालय चैत्य वंदन, स्तुति विधि के साथ जैन धर्म के विविध पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया। परीक्षा का परिणाम 2 जून को सुबह नौ बजे सुगनजी महाराज के उपासरे में घोषित किया जाएगा।
_____________________
शिवबाड़ी के गंगेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर में अंजन शलाका व प्रतिष्ठा महोत्सव 27 जून से
श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ के शासन प्रभावक खरतरगच्छाचार्य श्री जिन पीयूष सागर सूरीश्वरजी के सान्निध्य में 27 से एक जुलाई तक श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ श्री संघ, श्रीसुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट,श्री पार्श्वनाथ जिन मंदिर जीर्णोद्धार समिति, श्री गंगेश्वर पार्श्वनाथ प्रतिष्ठा समिति व श्री जिनेश्वर युवक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में होगा। आचार्यश्री व बीकानेर के अनेक मुनियों का प्रवेश 16 जून को होगा।
प्रवर्तिनी, महामांगलिक प्रदात्री साध्वीश्री चंद्र प्रभा की शिष्या साध्वीश्री चंदन बाला ने गुरुवार को सुगनजी महाराज के उपासरे में बताया कि 27 जून को कुंभ स्थापना, दीप स्थापना, पाटला पूजन आदि विधान, च्यवन कल्याणक, पंच कल्याणक पूजा, रात को भक्ति संगीत कलाकार अनीश राठौर, 28 जून को 18 अभिषेक, जन्म कल्याणक, शाम भक्ति कार्यक्रम कलाकार अंकित लोढ़ा, 29 जून शनिवार को दीक्षा वघोड़ा, प्रतिष्ठा चढ़ावा, केवल ज्ञान एवं निर्वाण कल्याणक, नाकोड़ा पार्श्व भैरव महापूजन, शाम को बाल युवा मंच द्वारा नाटिका, मध्य रात्रि में अंजन श्लाका, 30 जून को शुभ मुर्हूत में प्रतिष्ठा, शांति स्नात्र महापूजन, शाही करबा व फलेचुंदड़ी रात भक्ति कार्यक्रम कलाकार देवेन्द्र बेगानी होंगे। अंजन श्लाका व प्रतिष्ठा महोत्सव देश-विदेश में अनेक जिनालयों की प्रतिष्ठा करवाने वाले शासन रत्न मनोज भाई हरण के मार्ग दर्शन में होगा। एक जुलाई को द्वार का उद्घाटन, 17 भेदी पूजा, दादा गुरु की बड़ी पूजा व रात को भक्ति संगीत का कार्यक्रम होगा जिसके प्रमुख कलाकार अरिहंत कांकरिया होंगे।
मूल नायक की प्रतिमाएं यथावत
साध्वीश्री चंदन बाला ने बताया कि श्री गंगेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर में मूल नायक भगवानश्री पार्श्वनाथ, भगवानश्री शांति नाथ व भगवान श्री नेमिनाथ की प्राचीन प्रतिमाएं मूल गर्भगृह में पूर्ववत ही पुनः विराजमान होगी। मूल नायक के दोनों ओर गर्भग्रह में नूतन 27 इंच की भगवान आदिनाथ व भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमाएं विराजमान होगी। उन्होंने बताया कि मंदिर और अंजन श्लाका व प्रतिष्ठा के विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधी प्रमाणिक जानकारी के लिए रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में साध्वीवृंद से हासिल की जा सकती है।














