
बीकानेर, 20 जून। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ के आचार्य पीयूष सागर सूरीश्वरजी व साध्वीवृंद के सान्निध्य, शिवबाड़ी के भगवान श्री गंगेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर तीर्थ में 27 जून से 1 जुलाई तक होने अंजनशलाका व प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को विभिन्न मांगलिक विधानों व धार्मिक अनुष्ठानों से हुआ। अनुष्ठान में बीकानेर मूल के मुनि सम्यक रत्न सागर व साध्वीश्री चिद्यशाजी आदि ठाणा सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भागीदारी निभाई।
श्री सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट के मंत्री रतन लाल नाहटा ने बताया नागदा व आलौट मध्यप्रदेश के विधिकारक गौरव भाई व विपिन जैन ने विधि विधान से मुनि व साध्वीवृंद के नेतृत्व में मंगल कुंभ व दीप स्थापना, वेदिका पूजन, ज्वारा रोपण आदि अनुष्ठान करवाया। कुंभ स्थापना व वैदिका पूजन का लाभ बीकानेर मूल की वरिष्ठ साध्वीश्री सुजेष्ठाश्रीजी के परिजन माणक चंद, विमलचंद सुराणा परिवार ने लिया। वहीं ज्वारा रोपण का सूरत निवासी थानमल कोठारी व पवन पारख ने व दीप स्थापना का मनीष बोथरा ने लिया। मुनि व साध्वीवृंद, विधिकारकों ने मंत्रोच्चारण से तथा विचक्षण महिला मंडल, श्री खरतरगच्छ महिला मंडल की श्राविकाओं ने भक्ति गीत से कार्यक्रम को श्रद्धा व भक्तिमय बनाए रखा। इस अवसर पर मंदिर जीर्णोंद्धार की प्रेरक साध्वी चन्द्रप्रभा श्रीजी का स्मरण कर नमन किया गया।














