
बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस प्रभारी एडीजी हवासिंह घुमरिया मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे रेंज पुलिस अधिकारियों की मिटिंग में कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद महिला और बाल अत्याचार की वारदातों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के साथ अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिये। जिला पुलिस सभागार में क्राईम मिटिंग के बाद मीडिया से रूबरू हुए एडीजी हवासिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में महिला अत्याचार, साइबर क्राइम, कम्युनिटी पुलिसिंग को लेकर अपने-अपने जिलों में जाकर मॉनिटरिंग करने के आदेश दिए। उसी को लेकर आज मिटिंग में बीकानेर रेंज पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये है। इस दौरान बॉर्डर पार से हो रही ड्रग्स तस्करी को लेकर पूछे गये सवाल पर एडीजी ने कहा कि बॉर्डर पार से ड्रग्स तस्करी की रोकथाम के लिये बीकानेर रेंज पुलिस बेहतर काम रही है। पुलिस और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्सेज के आपसी समन्वय से बॉर्डर इलाके ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा कस रही है। सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर पूछे गये सवाल पर एडीजी हवासिंह ने कहा सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है,इसके लिये हर संभव प्रयास कर रही है। सडक़ सुरक्षा जागरूकता के लिये कार्यक्रम चलाये जा रहे है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये नई तकनीक का इस्तेमाल भी किया जा रहा है,इससे काफी हद तक सडक़ हादसों में कमी आई है। साइबर क्राइम से जुड़े सवाल पर एडीजी ने कहा कि साइबर क्राइम अब जन समस्या बन चुकी है,इसकी रोकथाम के लिये पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। जन जागरूकता से साइबर क्राइम को रोका जा सकता है। पुलिस साइबर क्राइम पर काबू पाने के लिये कार्ययोजना बनाकर काम कर रही है,इसके लिये सरकार की ओर से पुलिस नये तकनीक संसाधन उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कम्युनिटी पुलिस पर जोर देने व मजबूत करने की बात भी कही। उन्होने कहा कि सरकार ने जो संसाधन उपलब्ध करवाए हैं, उसमें जो बेस्ट पुलिसिंग कर सकते हैं वह करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि संसाधन की जरूरत हमेशा रहती हैं। सरकार ने सभी जिलों में साइबर थाने खोल रखे हैं। मुकदमे भी दर्ज हो रहे हैं। साथ ही उनके निस्तारण भी किया जा रहा है।













