बीकानेर। 30 मई 2025 यूटीबी नर्सिंग स्टाफ के खाली पदों पर समायोजन की मांग को लेकर 28 मई से सीएमएचओ कार्यालय के समक्ष धरना दिया जा रहा है।

पिछले तीन दिनों से लगातार 24 घंटे धरना दिया जा रहा है तथा शनिवार से भूख हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी है। यूटीबी नर्सिंग कर्मियों के धरने के बारे में जानकारी देते हुए शाहिन बागड़वा व सुशीला सिहाग ने बताया कि 100 से अधिक यूटीबी नर्सिंग स्टाफ को हटा दिया गया है, जिससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरना देने वाले यूटीबी नर्सिंग कर्मियों की मांग है कि याचिका पर उच्च न्यायालय द्वारा आदेश भी पारित किए जा चुके हैं और आदेशों की अनुपालना न होने पर कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट की कार्यवाही भी प्रस्तुत की गई जिसकी पहली सुनवाई भी गत 12 मई 2025 को हो गई थी। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही नहीं होने से यूटीबी नर्सिंग कर्मी तनाव और असमंजस की स्थिति में हैं। धरनार्थी द्वारा बताया जा रहा है कि विगत तीन दिनों से शांतिपूर्वक धरना दिया जा रहा है लेकिन कार्यवाही नहीं होती है तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करनी होगी जिसकी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी!















