
बीकानेर। श्रीमाली ब्राह्मण समाज की ओर से गुरुवार को तर्पण एवं ऋषि पूजन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। समाज द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भूदेव और समाजजन शामिल हुए।

श्रीमाली ब्राह्मण समाज अध्यक्ष श्याम सुंदर श्रीमाली ने बताया कि आज ऋषि पंचमी की सुबह 10ः30 बजे धरणीधर महादेव सरोवर पर तर्पण, हेमाद्रि संकल्प, दशोषधी स्नान एवं पितृ पूर्वजों, सैनिकों व हुतात्माओं को अंजलि अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से तर्पण कर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत दोपहर 2 बजे बेनिसर बारी स्थित महालक्ष्मी मंदिर में ऋषि पूजन, जनेऊ अभिमंत्रण, बटुक भैरव पूजन एवं आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वातावरण धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा।
पूजन एवं अनुष्ठान आचार्य पंडित रविशंकर, पंडित नरेन्द्र, पंडित मनोज, पंडित ओमनारायण एवं पंडित राहुल श्रीमाली आदि विद्वान पंडितों के सान्निध्य में संपन्न हुए।













