
बीकानेर, सोमवार भारत द्वारा एशिया कप जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश में हर्षोल्लास का वातावरण बना हुआ है। इसी कड़ी में गंगाशहर, बीकानेर स्थित दिव्यांग सेवा संस्थान के मूक-बधिर एवं मानसिक विमंदित बालक-बालिकाओं ने भी आज इस अवसर को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
संस्थान के बच्चों ने भारतीय क्रिकेट टीम की जीत पर हाथों में खिलाड़ियों के पोस्टर लेकर खुशियां मनाई। इस दौरान बच्चों ने तिलक वर्मा का पोस्टर उठाकर उन्हें तिलक लगाकर विजय का जश्न मनाया और सभी खिलाड़ियों के प्रति अपनी खुशी प्रकट की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे रोहित कुमार, सुमन शर्मा, सुनील कुमार, अनिल चौहान और परिना मैडम शामिल रहे। इन सभी ने भारतीय टीम की शानदार जीत पर उत्साह और उमंग से भाग लिया।
संस्थान के संचालक जेठा राम ने इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “भारतीय क्रिकेट टीम की यह जीत पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। दिव्यांग बच्चों का इस खुशी में शामिल होना इस बात का प्रतीक है कि खेल और विजय का उत्साह सभी को समान रूप से जोड़ता है।”
बच्चों द्वारा व्यक्त की गई इस खुशी से वातावरण उल्लासमय हो उठा और सभी ने मिलकर भारत की जीत का जश्न मनाया।














