

नोखा स्थित श्री गंगा गौशाला परिसर में गंगा गौशाला के पूर्व अध्यक्ष एम गौ सेवा की प्रतिमूर्ति स्वर्गीय दुलीचंद जी चौरडिया की पावन स्मृति में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान गौशाला कार्यकारिणी के सदस्यों अनेको गणमान्यों विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों गौशाला स्टाफ गौशाला की कीर्तन मंडली आदि ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए ।
कार्यक्रम का संचालन शिवनारायण जी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि स्वर्गीय दुलीचंद जी चौरडिया पिछले लगभग 25 वर्षों से निरंतर गौशाला की सेवा में समर्पित रहे। उन्होंने तन, मन और धन से गौशाला के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन और समर्पण के कारण गौशाला ने निरंतर प्रगति की।
गौशाला के अध्यक्ष श्री निर्मल कुमार भूरा ने अपने उद्बोधन में बताया कि उनके अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान गौशाला परिसर में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य संपन्न हुए। इनमें राम नाम स्तंभ, सत्संग हॉल, नोखा गाँव कौशल विकास केंद्र का गोदाम, दो चारे के गोदाम, परिसर के पीछे दो आरसीसी शेड, दो ट्रैक्टर-बटन सेट तथा घास के भंडारण हेतु विशेष गोदाम का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त अन्य आवश्यक संरचनात्मक विकास कार्य भी किए गए, जिनसे गौशाला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाया गया।
सभा में श्रीनिवास झवर ने एक महत्वपूर्ण प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि जब सेठ ईश्वर चंद्र गोल द्वारा गौशाला में ऑफिस ब्लॉक का निर्माण करवाया गया, तब बीच में स्थित घास के गोदाम को हटाने की आवश्यकता पड़ी। समाजहित में निर्णय लेते हुए उसे तोड़ने की स्वीकृति दी गई, जो उनके जीवन की एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जाती है।
बनवारी लाल डेलू ने बताया कि “अक्षय गोग्रास योजना” ने गौशाला को नई ऊर्जा प्रदान की है। वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत 2000 से अधिक गौवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। योजना के माध्यम से कर्मचारियों को नियमित वेतन भुगतान भी सुचारू रूप से हो पा रहा है, जिससे व्यवस्थाएं मजबूत हुई हैं।
गौशाला को जीव-जंतु कल्याण बोर्ड, चेन्नई द्वारा एंबुलेंस भी प्रदान की गई थी, जिससे बीमार एवं घायल गौवंश को समय पर उपचार मिल सके। यह सुविधा गौसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई है।
सभा में नोखा नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष रामकिशन खत्री,राधेश्याम लखोटिया, सतीश कुमार झवर, राधेश्याम मल, वासुदेव तिवारी, रामायण महाराज इंदरचंद मोदी ,रमेश कुमार झंवर डॉक्टर घनश्याम स्वामी , शिवकरण डेलू, श्रीमती मधु डागा,सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वर्गीय दुलीचंद जी के परिवारजन—उनके पुत्र, पुत्री एवं अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि स्वर्गीय दुलीचंद जी को मोक्ष प्रदान करें तथा उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। सभा भावुक वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




























