
बीकानेर। रेलवे ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में संवित धनुर्वेद संस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से संस्थान और जिले का गौरव बढ़ा है।
संस्थान के कोच आशीष आचार्य एवं दीपक रांकावत ने बताया कि इंडियन राउंड महिला वर्ग में पहले दिन प्रतिभा कंडारा ने 655 अंक अर्जित कर रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रतिभा ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मिक्स टीम स्पर्धा में बीकानेर टीम के साथ रजत पदक जीता, जबकि व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा।
वहीं, संस्थान की एक अन्य खिलाड़ी भारती ने भी व्यक्तिगत स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर श्री लालेश्वर महादेव मंदिर शिवमठ, शिवबाड़ी के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरी जी महाराज ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।













