Bikaner Live

इटर्नल हॉस्पिटल, जयपुर में 1.6 वर्षीय बालक के दोनों कानों में अत्याधुनिक NEXA स्मार्ट कॉक्लियर इम्प्लांट सफल


जयपुर। इटर्नल हॉस्पिटल, जयपुर के ईएनटी विभाग ने जन्मजात बहरेपन के इलाज में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मात्र 1.6 वर्षीय बालक के दोनों कानों में अत्याधुनिक NEXA Smart Cochlear Implant का सफल प्रत्यारोपण किया। यह सर्जरी SmartNav™ Technology की सहायता से की गई, जिससे ऑपरेशन की सटीकता और सुरक्षा को नई मजबूती मिली।

SmartNav™ Technology सर्जरी के दौरान सर्जन को वायरलेस रियल-टाइम फीडबैक उपलब्ध कराती है। इसकी मदद से यह तुरंत सुनिश्चित किया जा सकता है कि इम्प्लांट का इलेक्ट्रोड सही स्थान पर स्थापित हुआ है। यदि इलेक्ट्रोड की स्थिति में किसी प्रकार की असामान्यता होती है, तो उसका संकेत तुरंत मिल जाता है, जिससे उसी समय आवश्यक सुधार किया जा सकता है। इस तकनीक से सर्जरी की सटीकता, सुरक्षा और सफलता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। साथ ही, ऑपरेशन के दौरान प्राप्त तकनीकी जानकारी का उपयोग बाद में कॉक्लियर इम्प्लांट की प्रोग्रामिंग को और अधिक प्रभावी बनाने में भी किया जाता है।

इस उपलब्धि पर इटर्नल हॉस्पिटल के वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नीरज कासलीवाल एवं डॉ. अश्वथ कासलीवाल ने बताया कि जन्मजात बहरेपन से पीड़ित बच्चों के लिए कम उम्र में कॉक्लियर इम्प्लांट कराना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। जीवन के शुरुआती वर्षों में सुनने की क्षमता विकसित होने से बच्चे का सुनने, बोलने, भाषा सीखने और मानसिक विकास सामान्य बच्चों की तरह बेहतर ढंग से हो पाता है। समय पर उपचार मिलने से बच्चा सामान्य जीवन की ओर तेजी से बढ़ सकता है और भविष्य में बेहतर शिक्षा एवं सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

इस जटिल सर्जरी की सफलता में विभिन्न विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ईएनटी टीम ने डॉ. पुष्पलता एवं उनकी एनेस्थीसिया टीम का सफल ऑपरेशन एवं एनेस्थीसिया प्रबंधन के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही डॉ. एस. डी. शर्मा, डॉ. राजकुमार एवं पीडियाट्रिक्स टीम को प्री-ऑपरेटिव मूल्यांकन, ऑपरेशन के दौरान सहयोग तथा पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

इटर्नल हॉस्पिटल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्रीमती मंजू शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “इटर्नल हॉस्पिटल में हमारा उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर और स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों और अनुभवी विशेषज्ञों की बदौलत हम लगातार जटिल उपचारों को सफलतापूर्वक अंजाम दे रहे हैं। बच्चों में समय पर किया गया कॉक्लियर इम्प्लांट उनके सुनने, बोलने और सामान्य जीवन जीने की संभावनाओं को नई दिशा देता है। भविष्य में भी हम विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ मरीजों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।”

इटर्नल हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. प्राचीश प्रकाश ने कहा, “NEXA Smart Cochlear Implant एवं SmartNav™ Technology जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का सफल उपयोग इटर्नल हॉस्पिटल की विशेषज्ञता, नवाचार और उत्कृष्ट मरीज देखभाल के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हमारा निरंतर प्रयास है कि राजस्थान सहित देशभर के मरीजों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ अपने ही प्रदेश में उपलब्ध हों। विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण उपचार के माध्यम से हम स्वास्थ्य सेवाओं में नए मानक स्थापित करते रहेंगे।”

इटर्नल हॉस्पिटल अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों को अपनाते हुए श्रवण क्षमता की बहाली तथा मरीजों को विश्वस्तरीय, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!