बीकानेर, 13 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शिरकत करेंगे।
मेघासर से शुरू होगा दौरा
मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर 3:25 बजे मेघासर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे मेघोजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री सायं 5:40 बजे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे किसान भवन जाएंगे और विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
पीबीएम में मेडिसिन विंग का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री शर्मा शुक्रवार शाम 6:10 बजे पीबीएम अस्पताल पहुंचेंगे। यहां वे श्रीमती सीएम मूंधड़ा मेमोरियल हॉस्पिटल (मेडिसिन विंग) का लोकार्पण करेंगे और इसका अवलोकन करेंगे। यह कार्यक्रम बीकानेर के चिकित्सा क्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ड्रोन शो और हाई टी में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री शाम 6:50 बजे राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां उनकी गरिमामयी मौजूदगी में एट होम, हाई टी और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री रात्रि 8:20 बजे महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
15 अगस्त को राज्य स्तरीय समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
मुख्यमंत्री का बीकानेर दौरा स्वतंत्रता दिवस पर भी जारी रहेगा। 15 अगस्त को सुबह 8:30 बजे वे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद 8:55 बजे शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 9:05 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘युवा संवाद : विकसित राजस्थान 2047’ में करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान सभागार पहुंचेंगे। यहां आयोजित ‘युवा संवाद : विकसित राजस्थान 2047’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में युवाओं के साथ विकसित राजस्थान के लक्ष्य और भविष्य की दिशा को लेकर संवाद किया जाएगा।
दोपहर में जयपुर के लिए होंगे रवाना
बीकानेर प्रवास के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दो दिवसीय कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास, चिकित्सा सुविधाओं, स्वतंत्रता दिवस समारोह और युवाओं के साथ संवाद को विशेष महत्व दिया गया है।















