बीकानेर, 17 अगस्त। विश्वकर्मा गेट के बाहर राम मंदिर परिसर के नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को मेले का सा माहौल था। सुबह व शाम को दर्शनार्थियों की लम्बी कतार लगी थी। मंदिर में विशेष सजावट, बिजली से संचालित भगवान शिव की झांकियां, सेल्पी पोईंट श्रद्धालुओं का आकर्षण का केन्द्र था। मंदिर के बाहर 19 फीट के महाकाल की झांकी हर राहगीर को दर्शन वंदन करने तथा सेल्फी लेने के लिए प्रेरित कर रहीं थी।
मंदिर के संस्थापक पवन पुरोहित ने बताया कि जयपुर एवं अजमेर से मंगवाए गए विभिन्न तरह के गुलाब, मोगरा, गेंदा आदि फूलों से शिवलिंग व मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई। मंदिर में भगवान भोले नाथ के आदमकद चित्र लगाए गए तथा शिव दरबार की स्वचालित झांकी प्रदर्शित की गई। दर्शनार्थियों में कैलाश पर्वत के भगवान शिव के आगे खड़े होकर सैल्फी ली। राम दरबार के भी विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों के भाल पर ऊं नम शिवाय केसर चंदन से अंकित किया गया तथा सभी दर्शनार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार को नई झांकी प्रदर्शित की जाएगी।















