Bikaner Live

अग्रवाल समाज चेतना समिति द्वारा आयोजित सावन मेला 2026 का भव्य समापन

बीकानेर। अग्रवाल समाज चेतना समिति द्वारा आयोजित सावन मेला 2026 का उत्साहपूर्ण एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी के साथ मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। अवकाश के दिनों के चलते मेले में पूरे आयोजन के दौरान लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही।
महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. विजयश्री ने बताया कि सावन मेले में लगभग 50 स्टॉल लगाए गए थे। त्योहारी सीजन को देखते हुए मेले में स्टॉल धारकों द्वारा विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध करवाए गए। मेले में लगभग दस लाख रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री हुई, जिससे छोटे एवं घरेलू स्तर पर व्यवसाय करने वाली महिलाओं को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का बेहतर अवसर मिला।
मेले में गोमूत्र से निर्मित उत्पाद, आयुर्वेदिक सामग्री तथा गोबर से बनाए गए पर्यावरण हितैषी उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा रक्षा बंधन, जन्माष्टमी एवं तीज जैसे आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए कपड़े, राखियां, सजावटी सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खान-पान एवं अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिन पर लोगों ने जमकर खरीदारी की।
आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। समाज की महिलाओं द्वारा अतिथियों एवं आगंतुकों को पौधे भेंट कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
समापन समारोह में डॉ. रितिका टाटिया, एसोसिएट प्रोफेसर पैथोलॉजी, डॉ. सोनिया गुप्ता, गायनेकोलॉजिस्ट, डॉ. निकेता गुप्ता, कॉस्मेटोलॉजिस्ट तथा श्रीमती निकिता बंसल, जीएसटी विभाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती उमा अग्रवाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
सह प्रभारी स्मिता अग्रवाल एवं निशा अग्रवाल तथा अग्रवाल सभा महिला प्रकोष्ठ प्रभारी रेखा अग्रवाल ने बताया कि मेले में फूड स्टॉल, मनोरंजक गेम्स और विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। प्रतियोगिताओं एवं गेम्स में विजेता रहे प्रतिभागियों को प्रायोजकों की ओर से पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मेले की सहयोगी संस्था अग्रवाल सभा, गोगा गेट रही। आयोजन को सफल बनाने में समाज के मंत्री श्री मनीष चौधरी एवं अध्यक्ष श्री प्रमोद देवड़ा की विशेष भूमिका रही। आयोजकों एवं सहयोगी सदस्यों द्वारा मेले में आने वाले लोगों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
मेले के समापन अवसर पर महिलाओं ने आयोजन समिति की सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दिया। महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन वर्ष में कम से कम दो से तीन बार आयोजित होने चाहिए। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच मिलता है तथा छोटे स्तर से व्यापार शुरू करने वाली महिलाएं धीरे-धीरे बड़े व्यवसाय की ओर कदम बढ़ा सकती हैं।
महिलाओं ने कहा कि सावन मेला 2026 केवल खरीदारी और मनोरंजन का आयोजन नहीं रहा, बल्कि महिला उद्यमिता, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला एक सार्थक मंच साबित हुआ। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में सकारात्मक रुख देखने को मिला और सभी ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
सावन मेला 2026 सुनहरी यादों, उत्साह और सकारात्मक संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!