Bikaner Live

बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 55.14 ग्राम MDMA के साथ दो युवक गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी भी पकड़े


बीकानेर। जिला पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नयाशहर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत 55.14 ग्राम MDMA (Methylene Dioxy Methamphetamine) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पांचू थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक माह से अधिक समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस थाना पांचू की टीम ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सचिन पुत्र बुधराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी साईसर थाना पांचू तथा रामस्वरूप पुत्र धूड़ाराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी धरनोक थाना पांचू को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी प्रकरण संख्या 203/2026 में वांछित थे और हत्या के प्रयास की श्रेणी के अपराध में फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों को 16 अगस्त को गिरफ्तार किया। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर मामले में बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह है पूरा मामला

परिवादी गंगाबिशन बिश्नोई निवासी धरनोक ने 10 जुलाई 2026 को पुलिस को पर्चा बयान दिया था कि 9 जुलाई को वह गांव धरनोक से अपनी ढाणी की ओर जा रहा था। गांव से बाहर निकलने के बाद बीच रास्ते में कैलाश, सचिन और रामस्वरूप पिकअप वाहन में सवार होकर आए और उसकी मोटरसाइकिल के आगे वाहन लगाकर उसे रोक लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने लाठी और सरिये से जान से मारने की नीयत से गंगाबिशन के साथ मारपीट की, जिससे उसके पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। शिकायत में फायरिंग का आरोप भी लगाया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नयाशहर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना नयाशहर द्वारा की गई। पुलिस मुख्यालय एवं बीकानेर रेंज के निर्देश पर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत नयाशहर थाना पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचना जुटाते हुए दो युवकों को MDMA के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार अभिषेक चौधरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी माजीसा मंदिर के पीछे चौपड़ा बाड़ी, थाना गंगाशहर के कब्जे से 32.94 ग्राम MDMA बरामद किया गया। वहीं काशीराम सियाग, उम्र 20 वर्ष, निवासी स्वरूपदेसर, थाना नाल, हाल राजीव नगर, थाना गंगाशहर के कब्जे से 22.20 ग्राम MDMA बरामद हुआ।

दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 55.14 ग्राम MDMA जब्त किया गया है। दोनों के खिलाफ नयाशहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस टीम की भूमिका

नयाशहर थाना पुलिस की कार्रवाई थाना प्रभारी सुरजीत कुमार, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में उप निरीक्षक राकेश गौदारा, एएसआई कृष्ण कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

बीकानेर पुलिस का कहना है कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!