
*नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: जिले के 6 लाख 45 हजार 15 मतदाता करेंगे मताधिकार का उपयोग**राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशों की होगी अक्षरशः पालना : जिला निर्वाचन अधिकारी*बीकानेर, 20 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगर पालिका में 9 और द्वितीय चरण में बीकानेर नगर निगम में 11 सितंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक जिले के 656 मतदान केंद्रों तथा 31 सहायक मतदान केंद्रों में मतदान होंगे।श्री जैन ने बताया कि इस दौरान कुल 6 लाख 45 हजार 15 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें बीकानेर नगर निगम में 4 लाख 82 हजार 121, नोखा नगर पालिका में 49 हजार 91, देशनोक नगर पालिका में 15 हजार 384, श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका में 43 हजार 488, खाजूवाला नगर पालिका में 10 हजार 190, लूणकरणसर नगर पालिका में 24 हजार 531 तथा नापासर नगर पालिका में 20 हजार 210 मतदाता शामिल हैं। श्री जैन ने बताया कि बीकानेर बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में के 80 वार्डों के लिए 420 मतदान केंद्र तथा 31 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वही नोखा नगर पालिका के 45 वार्डों के लिए 80, देशनोक के 25 वार्डों के लिए 25, श्रीडूंगरगढ़ के 40 वार्डों के लिए 51, खाजूवाला के 20 वार्डों के लिए 20, लूणकरणसर के 35 वार्डों के लिए 35 तथा नापासर के 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। श्री जैन ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया संपादन के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन करते हुए उनकी जिम्मेदारी तय की गई है।श्री जैन ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाएगी। कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हो, इसके मध्यनजर पूर्ण मुस्तैदी से कार्य किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र 16 सितंबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसके बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी। वहीं उपाध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को समूची प्रक्रिया की जाएगी।इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नगर श्रीमती रीना, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक श्री हरि शंकर आचार्य मौजूद रहे।














