Bikaner Live

ऑपरेशन नीलकंठ: बीकानेर पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 1.41 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज


अभियान में अब तक 214 मामले दर्ज, 266 आरोपी गिरफ्तार; 68.84 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, कुल 3.20 करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई



बीकानेर, 20 अगस्त। संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बीकानेर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सदर और रणजीतपुरा थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित बताई जा रही कुल 1 करोड़ 41 लाख 85 हजार रुपए की संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज करवाया है। इनमें आवासीय मकान, भूखंड, निर्माणाधीन मकान, दुकान और वाहन शामिल हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आदतन आरोपियों और उनके परिजनों के नाम दर्ज संपत्तियों की पहचान कर रही है। सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त होने के बाद संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करवाया गया।

सदर थाना क्षेत्र में एक करोड़ की संपत्ति फ्रीज

पुलिस के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में मेहरुन्निशां पत्नी मुराद अली के नाम दर्ज दो संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। इनमें भुट्टों का बास स्थित करीब 36 लाख रुपए मूल्य का आवासीय मकान तथा चूना भट्टा के पास राजीव नगर स्थित करीब 64 लाख रुपए मूल्य का आवासीय भूखंड शामिल है। दोनों संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपए बताया गया है।

पुलिस का कहना है कि मेहरुन्निशां का पति मुराद अली संबंधित थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 17 प्रकरण दर्ज हैं। उसके पुत्र तालिबान उर्फ तालीमान के खिलाफ 10 तथा लादेन के खिलाफ पांच प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस इनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।

रणजीतपुरा में मकान, दुकान और वाहन फ्रीज

रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पूनमचंद बिश्नोई पुत्र जयसुखराम उर्फ जस्सराम की करीब 4 लाख 85 हजार रुपए की संपत्तियां फ्रीज की गई हैं। इनमें महिंद्रा बोलेरो कैंपर, एक इलेक्ट्रिक स्कूटर और चक 10 आरडीवाई में स्थित आवासीय मकान शामिल है।

इसी तरह प्रेमसुख बिश्नोई उर्फ सोनी पुत्र जस्सराम उर्फ जयसुखराम की करीब 37 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियां फ्रीज की गई हैं। इनमें रणजीतपुरा के चक 10 आरडीवाई में स्थित करीब 25 लाख रुपए का निर्माणाधीन मकान तथा चक 14 आरडीवाई में स्थित करीब 12 लाख रुपए की दुकान शामिल है।

पुलिस के अनुसार पूनमचंद और प्रेमसुख सगे भाई हैं तथा दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो-दो प्रकरण दर्ज हैं।

ऑपरेशन नीलकंठ में अब तक 266 आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर पुलिस ने जिले में नशे और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए 8 अप्रैल 2026 से ऑपरेशन नीलकंठ शुरू किया था। अभियान के तहत 19 अगस्त तक पुलिस ने 214 प्रकरण दर्ज कर 266 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।

अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक करीब 68 करोड़ 84 लाख 82 हजार 900 रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 64 लाख 8 हजार 915 रुपए की नकद राशि भी जब्त की गई है।

भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने 23.781 किलोग्राम हेरोइन, 772.63 ग्राम स्मैक, 13.132 किलोग्राम अफीम, 7.482 किलोग्राम गांजा, 890.86 किलोग्राम डोडा-पोस्त, 199.94 ग्राम एमडीएमए और 431.10 ग्राम एमडी जब्त की है।

इसके साथ ही 54,010 नशीले कैप्सूल और 13 शीशियां भी बरामद की गई हैं।

वाहन और हथियार भी जब्त

पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 25 कार, छह ट्रक-ट्रेलर, छह स्कॉर्पियो, 25 मोटरसाइकिल, दो कैम्पर, एक बोलेरो, एक थार, दो फॉर्च्यूनर और एक टेम्पो जब्त किया है।

इसके अतिरिक्त एक आईफोन, 11 विदेशी पिस्तौल, 32 मैगजीन, 100 कारतूस और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

अब तक 3.20 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सदर और रणजीतपुरा में की गई ताजा कार्रवाई सहित अब तक कुल 3 करोड़ 20 लाख 90 हजार 609 रुपए मूल्य की अवैध संपत्तियों को धारा 68F के तहत फ्रीज करवाया जा चुका है।

इनमें मकान, आवासीय भूखंड, कृषि भूमि, दुकान, निर्माणाधीन भवन, बैंक खातों में जमा राशि, नकदी और वाहन शामिल हैं।

40 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ नष्ट

जिला ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी द्वारा अब तक 355 प्रकरणों में जब्त करीब 40 करोड़ 47 लाख 79 हजार रुपए के अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया है।

इसके अतिरिक्त 64 प्रकरणों में जब्त 44.698 किलोग्राम अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 23 लाख 49 हजार रुपए है, नियमानुसार जमा करवाई गई है।

अवैध अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई

पुलिस और प्रशासन ने आदतन अपराधियों द्वारा सरकारी भूमि एवं आम रास्तों पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। मुक्ताप्रसाद नगर, सदर, लूणकरणसर और जामसर थाना क्षेत्रों में कई अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण हटाए गए हैं।

लूणकरणसर में एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाए गए करीब 20 भूखंडों को कब्जा मुक्त करवाया गया। यहां बने मकान और पानी की डिग्गी को भी हटाया गया। इस संपत्ति की कीमत करीब पांच करोड़ रुपए बताई गई है।

अन्य तस्करों की संपत्तियों की जांच जारी

बीकानेर पुलिस के अनुसार जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अन्य आदतन आरोपियों की भी पहचान की गई है। तस्करी से अर्जित आय और उससे खरीदी गई संपत्तियों की जांच करवाई जा रही है। जांच पूरी होने और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति मिलने के बाद अन्य संपत्तियों को भी फ्रीज करवाया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचनाएं साझा करने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बीकानेर पुलिस का संदेश— “नशे के विरुद्ध निर्णायक प्रहार, सुरक्षित समाज की ओर।”

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!