पांचू और बीछवाल थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, नोखा में करीब 10 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी; जसरासर में नकली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार
बीकानेर, 20 अगस्त। बीकानेर पुलिस ने ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ तथा अन्य विशेष अभियानों के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ, अवैध अंग्रेजी शराब और जाली भारतीय मुद्रा बरामद की है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन वाहन भी जब्त किए हैं। वहीं, फरार आरोपियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पांचू, बीछवाल, नोखा और जसरासर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया।
पांचू में डोडा-पोस्त के साथ पंजाब का आरोपी गिरफ्तार
पांचू थाना पुलिस ने भारतमाला रोड स्थित पांचू टोल के पास ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन की तलाशी ली। पुलिस को वाहन से 1 किलो 428 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त चूरा मिला।
पुलिस ने पिकअप वाहन नंबर PB-05-AL-9817 को जब्त कर आरोपी सुरिंद्र कुमार पुत्र भजनलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी भागू, पुलिस थाना बहाववाला, जिला फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह के सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में की गई।
अफीम मामले में वांछित टॉप-10 सप्लायर गिरफ्तार
पांचू पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित चल रहे टॉप-10 मादक पदार्थ सप्लायर सांवरलाल पुत्र भंवरलाल विश्नोई, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुदसू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को पांचू थाने में दर्ज मामले में 425 ग्राम अफीम जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में मादक पदार्थ सप्लायर सांवरलाल फरार चल रहा था। पुलिस उससे तस्करी नेटवर्क और अफीम की आपूर्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बीछवाल में 20 किलो 390 ग्राम डोडा-पोस्त जब्त
बीछवाल थाना पुलिस ने छोटी ढाणी कानासर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 20 किलो 390 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त डंठल और चूरा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी सांवर सिंह पुत्र बुलाकी सिंह राजपूत, उम्र 26 वर्ष, निवासी बड़ी ढाणी कानासर को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर RJ-04-UB-0721 भी जब्त कर ली गई है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सूर्यवीर सिंह राठौड़ और सदर वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी के निर्देशन में बीछवाल थानाधिकारी करणीपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। आरोपी से डोडा-पोस्त की खरीद, आपूर्ति और परिवहन के संबंध में अनुसंधान जारी है।
नोखा में 101 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी
नोखा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 101 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी कमलेश पुत्र पूनमाराम विश्नोई, उम्र 24 वर्ष, निवासी कूका, पुलिस थाना बागोड़ा, जिला जालौर को गिरफ्तार किया है। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी अर्टिगा कार नंबर DL-1CAD-2168 को भी जब्त किया गया है।
जब्त शराब में ‘ऑल सीजन्स’ ब्रांड की 58 पेटियां और ‘रॉयल चैलेंज’ की 43 पेटियां शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कुशालाराम को सौंपी है। मौके से फरार हुए एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के नेतृत्व में डीएसटी बीकानेर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
जसरासर में जाली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार
जसरासर थाना पुलिस ने जाली भारतीय मुद्रा के प्रचलन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के छह और 200 रुपये के दो नकली नोट बरामद किए गए। जाली नोटों की कुल अंकित राशि 3,400 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील पारीक पुत्र मनोज पारीक, उम्र 24 वर्ष, निवासी अमरसर, पुलिस थाना सांडवा, जिला चूरू के रूप में हुई है। जसरासर थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर यह कार्रवाई की।
जाली मुद्रा से संबंधित मुकदमा दर्ज करने और आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी तथा जब्त नोटों को नोडल पुलिस थाना कोटगेट भेजा गया है। कार्रवाई में कांस्टेबल बलवान की विशेष भूमिका रही।















