बीकानेर, 20 अगस्त 2026। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में अधिवक्ता अंजली कौशिक पहली बार सदस्य निर्वाचित होकर आज बीकानेर पहुंचीं। उनके बीकानेर आगमन पर बार एसोसिएशन, बीकानेर की ओर से बार एसोसिएशन परिसर में भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उन्हें ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
स्वागत कार्यक्रम का आयोजन बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में किया गया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता अंजली कौशिक का शॉल एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा
बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि “अधिवक्ता अंजली कौशिक का पहली बार बार काउंसिल ऑफ राजस्थान की सदस्य निर्वाचित होना बीकानेर के अधिवक्ता समुदाय के लिए गौरव का विषय है। यह सफलता बीकानेर के अधिवक्ताओं द्वारा उन पर जताए गए विश्वास का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं, कल्याण एवं व्यावसायिक हितों को राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएंगी।”
उन्होंने कहा कि “बार काउंसिल में बीकानेर को एक और मजबूत प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है। अधिवक्ता अंजली कौशिक एवं बार काउंसिल सदस्य एडवोकेट कुलदीप कुमार शर्मा के माध्यम से बीकानेर के अधिवक्ताओं की आवाज और अधिक मजबूती से राज्य स्तर तक पहुंचेगी। विशेष रूप से बीकानेर में राजस्थान उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की वर्षों पुरानी मांग को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के लिए बार एसोसिएशन दोनों सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करती है।”
बार काउंसिल सदस्य कुलदीप कुमार शर्मा ने कहा
इस अवसर पर बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य एडवोकेट कुलदीप कुमार शर्मा ने अधिवक्ता अंजली कौशिक को बधाई देते हुए कहा कि “अंजली कौशिक का बार काउंसिल ऑफ राजस्थान की सदस्य निर्वाचित होना बीकानेर के अधिवक्ता समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब हम दोनों मिलकर बीकानेर के अधिवक्ताओं के हितों और उनकी समस्याओं को बार काउंसिल के समक्ष मजबूती से उठाएंगे।”
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि “बीकानेर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग लंबे समय से अधिवक्ता समुदाय और संभाग के लोगों की प्रमुख मांग रही है। मैं और अंजली कौशिक मिलकर बीकानेर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को बार काउंसिल ऑफ राजस्थान एवं संबंधित स्तरों पर प्रभावी ढंग से उठाने तथा इसके लिए आवश्यक प्रयास करने का पूरा प्रयास करेंगे।”
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, व्यावसायिक हितों तथा बीकानेर के अधिवक्ता समुदाय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
अंजली कौशिक ने जताया आभार
नवनिर्वाचित बार काउंसिल सदस्य अधिवक्ता अंजली कौशिक ने बार एसोसिएशन, बीकानेर एवं समस्त अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “बीकानेर के अधिवक्ता साथियों ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ अधिवक्ता समुदाय के हितों के लिए कार्य करूंगी।”
उन्होंने कहा कि “अधिवक्ताओं के कल्याण, सम्मान एवं उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ बीकानेर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाना मेरी प्राथमिकताओं में रहेगा।”
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन, बीकानेर के सचिव हेमन्त सिंह चौहान, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र वर्मा, मनीष गौड़, वरिष्ठ अधिवक्ता बच्छराज कोठारी, सतपाल साहू, जगदीश शर्मा, विमला सारोलिया, रविकांत वर्मा, सुरेन्द्रपाल शर्मा, कुलदिप शर्मा, मिलाप धत्तरवाल, मांगीलाल भादु, भंवर विश्नोई सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता अंजली कौशिक का शॉल एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में सफल एवं प्रभावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
बार एसोसिएशन, बीकानेर ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिवक्ता अंजली कौशिक एवं एडवोकेट कुलदीप कुमार शर्मा के रूप में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में बीकानेर को प्राप्त प्रतिनिधित्व से अधिवक्ता कल्याण, अधिवक्ताओं के अधिकारों तथा बीकानेर की महत्वपूर्ण न्यायिक मांगों को राज्य स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से बीकानेर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को दोनों सदस्य मिलकर प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएंगे।
















