
बीकानेर। अंत्योदय नगर स्थित रमेश इंग्लिश स्कूल में गुरुवार को हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रियंका चंदेलिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सिया कसवां दूसरे और दीक्षिता रंगा तीसरे स्थान पर रही। तेजस मारू, वनिता स्वामी और खुशी सारस्वत को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता का विषय ‘सद्भावना से देश कैसे आगे बढ़ सकता है?’ रहा। इसमें स्टूडेंट्स ने विभिन्न तथ्यों और उदाहरणों के माध्यम से अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अतिथि एवं निर्णायक साहित्यकार मनीषा आर्य सोनी ने कहा कि जो लोग आदर्श की बात करते हैं, उन्हें उन आदर्शों को अपने जीवन में भी आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सद्भाव केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वह व्यक्ति के व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।
साहित्यकार मोनिका गौड़ ने कहा कि स्टूडेंट्स को स्कूली पाठ्यक्रम की किताबों के साथ साहित्य का भी अध्ययन करना चाहिए, ताकि उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएं। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन कुछ न कुछ लिखने की आदत विकसित करने की सीख दी।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने स्टूडेंट्स से स्वच्छता अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन में जब अच्छा देखेंगे तो अच्छा ही मिलेगा। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से योग करने के लिए भी प्रेरित किया।
स्कूल प्राचार्य सेनुका हर्ष ने कहा कि स्टूडेंट्स को हर दिन कुछ न कुछ नया सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि स्कूल में हर साल इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर देने के उद्देश्य से किए जाते हैं।














