
नोखा। यहां तहसील परिसर स्थित अर्केश्वर महादेव मंदिर में रविवार 23 अगस्त को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ नमक चमक गंगाजल से सहस्त्रधारा अभिषेक व सफेद तिल से सहस्त्रार्चन किया गया। इस अवसर पर भगवान महादेव की विभिन्न प्रकार के द्रव्यों और विभिन्न प्रकार की सामग्रियों से विशेष पूजा अर्चना विधिवत मंत्रोच्चार के साथ कर घर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर व्यवस्थापक लालचन्द उपाध्याय और पूजा पाठी विद्वान पंडित बलराम कठातला व मधुसुदन कठातला के सानिध्य एवं अर्केश्वर महादेव परिवार टीम के दिनेशसिंह राजपुरोहित की अगुवाई में हो रहे श्रावण मास में धार्मिक आयोजन में बड़ी तादाद में श्रद्धालु शिव भक्तों ने भगवान शिव का पूजन कर भक्ति भाव से भोले नाथ शिव के जयकारे लगाए। मंदिर परिवार टीम के इन्द्रचन्द मोदी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया कि अलग-अलग पारियों में भगवान महादेव की हो रही पूजा से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सरोबार है। अर्केश्वर महादेव परिवार टीम द्वारा पूजा व आरती सम्पन्न होने के बाद टीम के सभी सदस्यों और मंदिर में आने वाले सभी नर नारी व बच्चों को प्रसाद वितरण किया जा रहा है। मोदी के अनुसार श्रावण माह के अंतिम चौथे सोमवार 24 अगस्त को श्रद्धालुओं की इतनी चहल-पहल रहेगी कि श्रद्धालुओं को पर्याप्त जगह मिलना मुश्किल रहेगी।












