
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाता रामप्यारी का सम्मान
बीकानेर, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद में शतायु एवं वरिष्ठ मतदाताओं का स्वीप टीम द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर पटेल नगर निवासी 101 वर्षीय शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी, 98 वर्षीय मतदाता श्रीमती सरजु देवी तथा 97 वर्षीय मतदाता श्री चांदमल सोनी को सम्मानित कर उनके लोकतांत्रिक योगदान को सराहा गया।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे, स्वीप सह प्रभारी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई तथा स्वीप टीम के सदस्यों जिला समन्वयक श्री प्रशांत जोशी, सह समन्वयक श्री गोपाल जोशी, श्री हरिहर राजपुरोहित, श्री दीपक जोशी एवं श्री पवन कुमार जोशी ने वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान किया।
इस दौरान 101 वर्षीय शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी को माला, प्रशस्ति पत्र एवं साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार 98 वर्षीय मतदाता श्रीमती सरजु देवी को माला, प्रशस्ति पत्र एवं साड़ी तथा 97 वर्षीय मतदाता श्री चांदमल सोनी को माला, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
*‘मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं’*
सम्मानित शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी, श्रीमती सरजु देवी एवं श्री चांदमल सोनी ने कहा कि पात्र मतदाताओं को प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए मतदान करने में कभी कोताही नहीं बरतनी चाहिए।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे ने कहा कि वरिष्ठ मतदाताओं ने लंबे समय से अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका मतदान के प्रति समर्पण एवं जागरूकता सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है और उनके अनुभव एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
इस अवसर पर शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी के साथ उनके पोते श्री अमित मिश्रा, 98 वर्षीय मतदाता श्रीमती सरजु देवी के साथ उनकी बेटी श्रीमती चिड़िया देवी एवं दोहिते श्री श्रवण राम उपस्थित रहे। वहीं 97 वर्षीय मतदाता श्री चांदमल सोनी के साथ उनके पुत्र श्री गोपाल सोनी, पुत्रवधुएं श्रीमती सुमनलता, श्रीमती कंचन एवं श्रीमती पुष्पा तथा पोते हिमांशु उपस्थित रहे।









