
बीकानेर, 2 अप्रैल। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने शनिवार को गजनेर रोड स्थित बड़ा कब्रिस्तान में शहरी जल योजना के तहत नलकूप का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. कल्ला ने कहा कि शहर में आवश्यकता तथा मांग के अनुरूप अधिकाधिक ट्यूबवेल स्वीकृत करते हुए इनका निर्माण करवाया गया है। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान के प्रवेश द्वार के सौंदर्यकरण, शौचालय निर्माण सहित सभी आवश्यकताओं का तखमीना तैयार करवाया जाए, जिससे इन सुविधाओं का विकास करवाया जा सके। उन्होंने यहां जल होद बनाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा बजट घोषणा में बीकानेर के हल्दीराम मूलचंद कार्डियोवैस्कुलर सेंटर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी है। इससे हृदय रोगियों को और अधिक स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। शहरी क्षेत्र में दो शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत करवाए गए हैं। इन पर छह-छह करोड़ रुपए खर्च होंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी सरकारी सेकेंडरी स्कूलों को उच्च माध्यमिक स्कूलों में क्रमोन्नत कर दिया गया है। जिस स्कूल में उर्दू पढ़ने वाले 20 विद्यार्थी होंगे, वहां उर्दू अध्यापक की नियुक्ति कर दी जाएगी। मदरसों में अंग्रेजी माध्यम शिक्षा की मंजूरी दिलवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक क्षेत्रों के जिन स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम स्कूल के रूप में परिवर्तित करवाना है, उनकी सूची उपलब्ध करवाई जाए। आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार इस दिशा में कार्य किया जाएगा।
नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष मकसूद अहमद ने कब्रिस्तान के विकास से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं के बारे में बताया तथा मांग रखी कि रमजान माह के दौरान शहरी क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुचारू रहे।
अब्दुल मजीद खोखर ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों का सर्वांगीण विकास हो जिससे अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ मिल सके।
इस दौरान गुलाम मुस्तफा, हारून राठौड़, साजिद सुलेमानी, रमजान कच्छावा, जावेद परिहार ने भी विचार व्यक्त किए। हाजी नसीम ने आभार जताया फिरोज खान ने कार्यक्रम का संचालन किया इस दौरान अधीक्षण अभियंता नफीस अली, मोहम्मद सलीम, डॉ. मिर्जा अहमद बैग, मौला बख्श, माशूक अहमद सहित अनेक लोग मौजूद थे। इससे पहले डॉ. कल्ला ने शिलापट्टिका का अनावरण कर तथा स्विच ऑन करते हुए नलकूप का उद्घाटन किया।



















