धन धन श्रीडूंगरगढ़ और जन जन आभार के साथ श्रीडूंगरगढ में विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित विशाल धर्मयात्रा पूर्ण हुई। शानदार धर्म यात्रा में सैंकड़ों नागरिकों ने भाग लिया और शहर की धरती, अंबर जयकारों से गूंज उठा। यात्रा को देखने भी सैंकड़ो नागरिक महिलाएं बच्चे पहुंचे। हर छत पर हर गली में दर्शक खड़े नजर आए व बच्चे भी भगवा ध्वज फहराते हुए यात्रा में उपस्थित रहें। भारत माता के जयकारों और जय श्रीराम के नारों के साथ गाजे बाजे, ऊंट, डीजे के साथ झूमते नागरिकों ने धर्मयात्रा में भाग लिया। शांति पूर्ण यात्रा सम्पन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। श्रीडूंगरगढ़ में यात्रा ताल मैदान से निकली व रानी बाजार, घास मंडी, मुख्य बाजार होते हुए घुमचक्कर से सिद्ध धर्मशाला में पूर्ण हुई। गांव गुसाईंसर बड़ा, उदरासर, तोलियासर, रिड़ी, ऊपनी, पुनरासर, बिग्गा सहित अनेक गांवो से ग्रामीण यात्रा में भाग लेने पहुंचे व सैंकड़ो प्रवासी नागरिकों भी लाइव धर्मयात्रा से जुड़ें और सफल आयोजन को सराहा। धर्मयात्रा को देख कर नागरिकों के मुख से यही निकला धन धन श्रीडूंगरगढ़ और जन जन आभार।







तापमान में भीषण गर्मी, पर जोश में नहीं कोई कमी, धर्मयात्रा में भाग लेने पहुंचे जत्थे।
श्रीडूंगरगढ़ में आज भगवामय धर्मयात्रा का आयोजन और तापमान में भीषण गर्मी के बावजूद जोश व उत्साह में कतई कमी नजर नहीं । ताल मैदान में एकत्रीकरण स्थल पर रामभक्तों के जत्थे धर्मयात्रा में भाग लेने पहुंचने लगे है। मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ । केसरिया पगड़ी पहने बड़ी संख्या में युवा, युवतियां धर्मयात्रा में भाग लेने पहुंच गई । विहिप सहित सहयोगी संगठन व्यवस्था संभाल लिया।
शानदार धर्मयात्रा का आयोजन, जयकारों से गूंज उठा धरती अंबर।
धर्मयात्रा के प्रारंभ होने से लेकर पूर्ण होने तक रास्ते भर में जगह जगह फूलों से स्वागत हुआ व सड़कें गुलाब के फूलों से अट गयी। जगह जगह जूस पिलाया गया व ठंडे पानी की व्यवस्था की गई। स्वागत में सैंकड़ो लोग खड़े नजर आए। हर गली हर छत पर महिलाएं खड़ी नजर आई जिन्होंने फूल बरसाए। सभी समाज, सभी धर्म जातियों ने धर्मयात्रा का स्वागत किया। रानी बाजार से घुमचक्कर तक पग पग पर स्वागत किया गया। कहीं छाछ, कहीं फल, कहीं शरबत, कहीं ठंडे पानी, कहीं टॉफियों से मान मनुहार की गई।
सद्भाव की गंगा, सौहार्द की बही यमुना, श्रीडूंगरगढ़ में कायम हुई मिसाल। श्रीडूंगरगढ़ में आज सद्भाव की गंगा बही और सौहार्द की यमुना बही और एक नई मिसाल कायम हुई है। गत पांच वर्षों से यहां हिन्दु वर्ग रामनवमी पर धर्मयात्रा का आयोजन नहीं कर पाया और इस वर्ष धूमधाम से यात्रा निकाली गई और मुस्लिम बंधुओं ने रैली का फुलों से स्वागत किया। पाक रमजान माह के रोजे के दिन मुस्लिम बंधुओं ने कहा कि सभी धर्माें का सम्मान करना हमारा फर्ज है। वहीं हिन्दुओं ने भी रामनवमी पर शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्वक धर्मयात्रा निकाली। गंगा जमुना संस्कृति का नजारा क्षेत्र के लिए एक नजीर बन गया और आगामी आयोजनों में ये भागीदारी नजर आएगी। क्षेत्र के विकास के लिए हर वर्ग की प्रगति के लिए ये सुखद तस्वीर आने वाले वर्षों की बेहतरी के लिए खूबसूरत साबित होगी। ये सौहार्द चारों ओर चर्चा का विषय बन गया है और जिले में ही नहीं राज्य भर में सराहना बटोर रहा है। मुस्लिम महिलाओं ने पुष्पवर्षा की और मुस्लिम बंधुओं ने केले खिलाए व शरबत पिलाया, ठंडा पानी पिलाया। धर्मयात्रा की शुभकामनाएं देने वाला बैनर भी लगाया गया।
















