Bikaner Live

राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन की बैठक आयोजित…..

बीकानेर, 18 अगस्त। राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन की बैठक जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल की अध्यक्षता में गुरुवार को उपनिदेश कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सिंचाई पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि बजट में इसकी घोषणा की। इसके अनुसार अगले तीन वर्षों में प्रदेश के 4 लाख किसानों के लिए 1 हजार 705 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता से सूक्ष्म सिंचाई संयंत्र स्थापित किए जाने की घोषणा की है। इसके लिए 16 अगस्त से 15 सितम्बर तक कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा वृहद् स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वर्ष 2022-23 के लक्ष्यों से 150 प्रतिशत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
उद्यान विभाग की सहायक निदेशक रेणु वर्मा ने बताया कि जिले को इस योजना के तहत 5 हजार 541 हैक्टेयर के भौतिक लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इसके अनुसार कृषकों को प्रेरित करते हुए अधिकारियों अधिक से अधिक पत्रावलियां ऑनलाइन करवाई जाएंगी।
कृषि आयुक्तालय के जल प्रकोष्ठ के संयुक्त निदेशक ईश्वर लाल यादव ने कहा कि योजना के प्रावधानों के अनुसार आवेदन करवाए जाएं।
इस दौरान उपनिदेशक कृषि (विस्तार) कैलाश चौधरी, सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) राम किशोर मेहरा, योजना प्रभारी रघुवर दयाल सुथार ने सूक्ष्म सिंचाई योजना एवं इसके महत्व की जानकारी दी।
बैठक का संचालन कृषि अधिकारी मुकेश गहलोत ने किया। बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग के कृषि अधिकारी, सहायक कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक एंव संयंत्र उत्पादक एवं विक्रेताओं ने भाग लिया।

बारह एवं बारह से अधिक क्षमता वाले यात्री वाहनों पर लगी सीढ़ियां हटेंगी
जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश
बीकानेर, 18 अगस्त। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट भगवती प्रसाद कलाल ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 पठित राजस्थान मोटर वाहन नियम 1990 के नियम 8.1 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिले में 12 एवं 12 से अधिक बैठक क्षमता (चालक सहित) के चलने वाले समस्त यात्री वाहनों पर लगी सीढ़ियों को हटाने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 20 अगस्त से आगामी 7 सितम्बर तक प्रभावी रहेंगे। इस संबंध में जारी अधिसूचना के अनुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, क्षमता से अधिक यात्रियों के परिवहन संचालन को रोकने तथा रामदेवरा एवं पूनरासर मेले के दौरान घटित होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यह आदेश जारी किए गए हैं।

छात्र संघ चुनाव: वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की तिथियां बदली
बीकानेर, 18 अगस्त। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की वर्तमान में जारी लिखित परीक्षाओं की तिथियां बदली गई हैं। छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर इन परीक्षाओं की नई तिथियां घोषित की गई हैं।
विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र निदेशक बलवान सिंह सैनी ने बताया कि संभाग के नौ परीक्षा केन्द्रों पर जारी लिखित परीक्षाओं की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। इसके अनुसार 22, 23, 24, 25, 26, 27 अगस्त को आयोजित होने वाली परीक्षाएं अब क्रमशः 30, 31 अगस्त एवं 1, 2, 3, 6 सितम्बर को आयोजित की जाएँगी | परीक्षा की पारियों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस सम्बन्ध में परीक्षा विभाग कोटा द्वारा जारी कार्यालय आदेश, विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.vmou.ac.in एवं क्षेत्रीय केंद्र बीकानेर के टेलीग्राम चैनल rcbkr पर उपलब्ध है | परीक्षार्थी किसी भी समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रीय केंद्र में कार्यालय समय प्रातः 10 बजे से 5 बजे के बीच दूरभाष 0151-2943130 पर संपर्क कर सकते हैं।

झुग्गी झोपड़ी में निवास करने वाले 5 बच्चों को दिलवाया स्कूल में प्रवेश
बीकानेर, 18 अगस्त। जिला बाल सरंक्षण इकाई द्वारा जयपुर रोड़ हल्दीराम प्याऊ के पास स्थित झुग्गी झोपड़ी में निवास करने वाले 5 बच्चों को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवीकुण्ड सागर, रिडमलसर में प्रवेश करवाया गया।
जिला बाल सरंक्षण इकाई के चाईल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर सुमन मेहरा एवं चाईल्ड लाईन के सदस्य प्रवीण चौहान द्वारा लगातार दो दिन से समझाइश की के बाद बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाया गया। बच्चों के माता-पिता को प्रतिदिन बच्चों को स्कूल भेजने एवं पढ़ाई निरन्तर जारी रखने हेतु भी समझाया।

राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के लिए जिले में अब तक 8 हजार टीमें गठित
29 अगस्त से प्रारंभ होंगे ग्रामीण ओलंपिक खेल, तैयारियां जारी
बीकानेर, 18 अगस्त । ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राज्य स्तर तक लाने के लिए आयोजित होने वाले राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के तहत अब तक जिले में 8 हजार 34 टीमें गठित कर ली गई हैं।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के ने बताया कि 29 अगस्त से प्रारंभ होने वाले इन खेलों के तहत जिले में 1 लाख 12 हजार 551 खिलाड़ियों का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के तहत ग्राम पंचायत, ब्लाक, जिला व राज्य स्तर पर 6 खेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें कबड्डी, खो-खो, हाकी, शूटिंग बॉल, वॉलीबॉल व टेनिस बॉल को शामिल किया गया है।
20 अगस्त से प्रारंभ होंगे अभ्यास
नित्या के. ने बताया कि खेलों के अभ्यास का कार्यक्रम 20 अगस्त से प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है । खेल मैदानों का चिन्हीकरण तथा रैफरियों की सूची तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि खेल मैदानों के समतलीकरण और सफाई कार्य की मॉनिटरिंग की जा रही है तथा खेल सामग्री क्रय करने की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे समय पर खिलाड़ियों का अभ्यास प्रारंभ करवाया जा सके।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत तथा ब्लॉक स्तरीय तैयारियों की मॉनिटरिंग के लिए शिक्षा विभाग द्वारा मॉनिटरिंग सेल गठित की गई है।
नित्या के. ने बताया कि खेल और शिक्षा विभाग के साथ-साथ पंचायती राज व पंचायती राज विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले इन खेलों की तैयारियां शीघ्र कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताएं 29 अगस्त से प्रारंभ होकर 4 दिन तक चलेंगी। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 सितंबर से प्रारंभ होंगी तथा जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 22 सितंबर से आयोजित की जाएंगी। खेलों के आयोजन के लिए ग्राम पंचायत व ब्लाक स्तरीय कमेटियों का गठन किया गया है, जिसमें ग्राम पंचायत स्तर पर कमेटी के संयोजक सरपंच को और ब्लॉक स्तर पर कमेटी के उपखंड अधिकारी को संयोजक बनाया गया है। खेल अधिकारी श्रवण कुमार भांभू ने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

Author picture

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!