

रविवार से 25 सितंबर तक नियमित चलेगा शिविर
बीकानेर, 10 सितंबर। नत्थूसर बास स्थित व्यास ढाणी में पंद्रह दिवसीय निशुल्क एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर का उद्घाटन शनिवार को हुआ। समाजसेवी हरिकिशन भाटी और माया भाटी ने दीपक प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। पहले दिन लगभग पचास जनों ने पंजीकरण करवाया। शिविर रविवार से 25 सितंबर तक नियमित रूप से सायं 8 से रात्रि दस बजे तक आयोजित किया जाएगा।
भागवताचार्य पं. आशाराम व्यास ने बताया कि शिविर में एक्यूप्रेशर और नेचुरोपैथी विशेषज्ञ डॉ. सुनीता माहेश्वरी और सोमा सचदेव सेवाएं देंगी। शिविर में लकवा, पीलिया, दमा, आंव, मोटापा, घुटनों का दर्द, कमर दर्द, माइग्रेन, साईनेस, स्पोन्डेलाइसिस, एसीडीटी, ब्लड प्रेशर, मासिक धर्म सहित विभिन्न बीमारियों का इलाज एक्यूप्रेशर पद्धति से किया जाएगा। इस दौरान गोवंश के लंपी स्किन रोग के निदान के लिए नीम गिलोय का काढ़ा भी वितरित किया गया। यह शिविर व्यास ढाणी के दिवंगत सदस्य तुलसी राम सांखला, अशोक सांखला, हरि प्रसाद सुथार और बृजेन्द्र गोस्वामी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
















