
श्री डूंगरगढ़, 22 सितसंबर 2022
……..
कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में गुरुवार को सम्पन्न वोटर आई डी आधार लिंकेज जागरूकता फॉलोअप कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. आभा ओझा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में युवा शक्ति की अहम भूमिका है। अतः सभी पात्र विद्यार्थी मतदाता पंजीकरण हेतु आवेदन करें। उन्होंने मतदाता पहचान पत्र एवं आधार को लिंक करने सम्बन्धी निर्वाचन आयोग की अभिनव पहल का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने हेतु विद्यार्थियों का आह्वान किया। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. राधाकिशन सोनी ने कहा कि आधार लिंकेज से मतदाता सूची में शुद्धिकरण होगा तथा निर्वाचन में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा मतदाता वीएचए, एनवीएसपी या वोटर पोर्टल के द्वारा आधार लिंकेज कर सकता है या फॉर्म 6 बी भरकर बीएलओ को दे सकता है। उन्होंने मतदाता पंजीकरण के लिए साल में चार अर्हता तिथियां, पंजीकरण, स्थानान्तरण, विशिष्टियों के संशोधन, डुप्लीकेट एपिक सम्बधी नए प्रपत्रों के बारे में भी जानकारी दी। एलएलएमटी हनुमानाराम छिम्पा ने एंड्रोउद फोन पर वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड करने तथा उसके विविध फीचर्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एएलएमटी ओम प्रकाश ने वीएचए से फॉर्म 6 बी भरने की विधि को समझाया। कार्यक्रम में कैचमेंट एरिया के बीएलओ तथा महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे।
















