
हिमाचल प्रदेश का विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की जंग बना हुआ है। राज्य की सत्ता पर कब्जा बनाए रखने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी राज्य में बदलाव के लिए पूरी ताकत लगा रखी है। प्रचार के आखिरी दिन आज भाजपा की ओर से कई बड़े चेहरे मोर्चा संभालेंगे। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह आज हिमाचल प्रदेश में दो रैलियों को संबोधित करेंगे
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है। राज्य में 12 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए आज चुनावी शोर थम जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस की ओर से पूरी ताकत झोंकने की तैयारी है। भाजपा की ओर से गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई रैलियों का आयोजन किया गया है। प्रचार के आखिरी दिन योगी आज हिमाचल प्रदेश में चार रैलियां करेंगे।
दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से हिमाचल प्रदेश में प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल रखा है। प्रियंका गांधी भी प्रचार के आखिरी दिन आज हिमाचल में रैली करेंगी। राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी चार जनसभाओं के जरिए भाजपा को जवाब देने की कोशिश करेंगे।
















