Bikaner Live

राज्य सरकार के बेलगाम मंत्री को जिला कलेक्टर से दुर्व्यवहार का हक नहीं – अखिलेश प्रताप
soni

बीकानेर । सोमवार को बीकानेर के रविन्द्र रंगमंच में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री रमेश मीणा द्वारा जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल के साथ किये गये दुर्व्यवहार की घटना पर शहर भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कड़ी निंदा करते हुए गहरा रोष प्रकट किया है।

जिलाध्यक्ष सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि जिले के सबसे उच्च अधिकारी और जिला मजिस्ट्रेट के साथ सत्ता के अहंकार में डूबे मंत्री रमेश मीणा को इस प्रकार के बेरुखे दुर्व्यवहार का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में कांग्रेस के मंत्रीगण, नेता और कार्यकर्ता अमूमन अधिकारियों पर राजनैतिक दबाव डालकर अनुचित कार्यो को करवाने का प्रयास करते रहे हैं। इस प्रक्रिया में अनेकों बार सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को नेताओं की बदतमीजी का शिकार होना पड़ता है।

सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार में जनकार्यो से जुड़े सभी कार्यालयों में अधिकारी दबाव में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान की जनता ने इस सरकार को विदा करने का मानस बना लिया है और सरकार के मंत्रियो की बौखलाहट स्पष्ट रूप से दिखने लगी है।

जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य ने भी मंत्री मीणा द्वारा जिला कलेक्टर के साथ किए अनपेक्षित व्यवहार की घोर निंदा करते हुए कहा कि इस शर्मनाक कृत्य से बीकानेर के आमजन को ठेस पहुंची है । उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के मंत्री प्रतिदिन अपने व्यवहार और आचरण से सरकार की किरकिरी करने में लगे हुए हैं और बीकानेर जिला कलेक्टर ने ऐसा कोई कृत्य नहीं किया जिसके लिये मंत्री को उनके साथ सार्वजनिक रूप से इस प्रकार का बर्ताव करना पड़े।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!