Bikaner Live

सर्वोदय बस्ती में नाला सफाई के नाम पर सीवरेज चैम्बर तोड़े
soni


जगह-जगह कीचड़ व गंदगी के ढेर
बीकानेर, 21 नवम्बर। स्वच्छ बीकाणा, शिक्षित बीकाणा व हराभरा बीकाणा का नारा देने वाले नगर निगम ने सर्वोदय बस्ती में हनुमानजी के मंदिर से नृसिंह सागर तालाब (अब पार्क) के मार्ग के लोगों को नारकीय जीवन जीने के लिए दस दिन से धकेल रखा है। नगर निगम, जिला प्रशासन के अधिकारी व जन प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद मूक बनकर क्षेत्र के लोगों को खुले नाले व सीवरेज के टूटे चैम्बर के बहते पानी, नाले से निकाले गए कीचड़ के ढेर की बदबू में रहने को मजबूर कर दिया।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों को ज्ञापन दिए, मुलाकात की लेकिन 10 दिनों से समस्या का कोई हल नहीं निकल रहा है। निगम आयुक्त बजट नहीं होने का अलाप लगा रहे है वहीं प्रशासनिक अधिकारी व जन प्रतिनिधि नगर निगम से ही जन समस्या के निराकरण का सुझाव देकर अपने कर्तव्य से पल्ला झाड़ रहे है। महापौर-नगर निगम आयुक्त, शिक्षा मंत्री बी.डी.कल्ला व क्षेत्र के पार्षद की आपसी खींचतान,द्वेष का कष्ट मोहल्लेवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
नगर निगम की ओर से 10 नवम्बर को नाला सफाई के नाम करीब एक किलोमीटर लम्बे नाले को खोलकर अनेक घरों के आवागमन के रास्ते को बंद कर दिया, सीवरेज व पेयजल पाइप लाइनां व घरों से नाले में आने वाली नालियों को तोड़कर नाले की गंदगी व कीचड़ को मार्ग में डाल दिया। सोमवार को 11 वें दिन भी सफाई के नाम पर नाले का मलबा व कचरा उठाने की बजाए जेसीबी ने कुछ और सीवरेज के चैम्बर व पाइप लाइनों को तोड़ दिया। समस्या के गंभीर होने पर मोहल्लेवासी एकत्रित होकर संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर व नगर निगम आयुक्त को समस्या के निराकरण के लिए ज्ञापन देने गए, सक्षम अधिकारियों के नहीं मिलने पर उनके अधीनस्थ अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए।
ज्ञापन में नाले के घुमाव को रोककर जैसलमेर रोड के मुख्य नाले में मिलाने के लिए हनुमान मंदिर के पास वर्तमान मोहल्ले में आने वाले नाले को बंद करने, वर्तमान में नाले से निकले गए मलबे को उठवाने, सीवरेज लाइन व चैम्बरों की मरम्मत करवाने, मच्छरों व बदबू से मोहल्लावासियों को निजात दिलाने तथा क्षेत्र में नाला सफाई से पूर्व मोहल्ले में सूचना देने, सफाई के दौरान निगम के जिम्मेवार अधिकारी को मौजूद रखने की मांग की जिससे लोग अपने घरों से निकलने वाले पाइप लाइन, सीवरेज लाइन व आवागमन के रास्तों को सुरक्षित रख सके।

Author picture

खबर

Related Post

error: Content is protected !!