Bikaner Live

आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री ने जालवाली, गंगाजली और 22 केवाईडी में किया महंगाई राहत कैंपों का निरीक्षण
soni


*प्रत्येक पात्र परिवार करवाए अपना पंजीकरणः श्री मेघवाल*
बीकानेर, 1 मई। आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल ने सोमवार को बीकानेर के जालवाली, पूगल के गंगाजली और खाजूवाला के 22 केवाईडी में आयोजित महंगाई राहत कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि आमजन को महंगाई से राहत मिले। इसके मद्देनजर गांव-गांव में यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों के प्रति आमजन में उत्साह का माहौल है तथा प्रत्येक शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद होकर विभिन्न योजनाओं के लाभ की गारंटी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने इस वर्ष के बजट में आमजन के हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की घोषणा की। इन सभी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर मिले, इसे ध्यान रखते हुए यह शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार इन शिविरों में पहुंचकर अपना पंजीकरण करवाएं। जिले में 70 स्थानों पर स्थाई तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर अस्थाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रशासन गांवों के संग अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से आमजन की राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी अधिकारी शिविरों में मौजूद रहें तथा पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए। राज्य सरकार की विभिन्न फ्लेगशिप योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज, दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, 76 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेण्डर सहित ऐसी योजनाएं लागू की गई हैं, जो पूरे देश के लिए नजीर हैं। उन्होंने कहा कि सभी इन योजनाओं का लाभ उठाएं, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों का जीवन स्तर सुधर सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में गत साढे चार सालों में विकास के नए सौपान तय हुए हैं। खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं रहा है। यहां पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। नहरी तंत्र सुदृढ़ीकरण के लिए पांच सौ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में नए महाविद्यालय खुले हैं, जिनसे उच्च शिक्षा की राह आसान हुई है। इस दौरान बीकानेर उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार बिश्नोई, पूगल उपखण्ड अधिकारी सीता शर्मा तथा खाजूवाला उपखण्ड अधिकारी श्योराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!