
बीकानेर, 14 नवम्बर। भगवान महावीर के निर्वाण दिवस पर रविवार से मंगलवार तक उनके आदर्शों, सिद्धान्तों का स्मरण करते हुए श्रावक-श्राविकाओं ने जप,तप किया तथा मंगलवार को विभिन्न उपासरों में गौतम रासों का वांचन किया गया। श्रावक-श्राविकाओं ने भगवान महावीर के रांगड़ी चौक के बोहरों की सेहरी, आसानियों के चौक के रामपुरिया उपाश्रय परिसर, डागा मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों के भगवान महावीर स्वामी के मंदिरों में निर्वाण लड्डू चढ़ाएं तथा वंदना की।
श्री चिंतमाणि जैन मंदिर प्रन्यास के तत्वावधान में जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ से सम्बद्ध ज्ञान वाटिका के बच्चांं ने रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में ज्ञान वाटिका की आचार्या सुनीता नाहटा, ज्ञान सेठिया, पवन खजांची व मोहित धारीवाल के नेतृत्व में भगवान अजीत नाथ की स्नात्र पूजा की तथा भगवान महावीर के निर्वाण दिवस पर नवकार महामंत्र का जाप किया। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष निर्मल धारीवाल ने बताया कि भगवान महावीर के 2550 वें निर्वाण दिवस तथा गणधार गौतम स्वामी के केवल्य ज्ञान दिवस पर आयोजित पूजा व जाप में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया । पूजा का लाभ पानमल, देवेन्द्र कुमार, धवल, शुभम व खुश नाहटा परिवार ने लिया।
अल्ल सुबह खुले मंदिर व उपासरे
भगवान महावीर स्वामी के केवल्य ज्ञान दिवस पर मंगलवार को रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे, तपागच्छीय जैन पॉषधशाला में आसानियों के चौक के रामपुरिया उपासरे मेंं साध्वीश्री पद्म प्रभा के सान्निध्य में साध्वीश्री सुव्रताश्रीजी ने गौतम रासों का वाचन विवेचन किया।













