
बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रधानमंत्री को माला पहनाकर उनका स्वागत किया. बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल सहित कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के सांसद मौजूद थे. बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पार्टी के सभी लोकसभा सदस्य और राज्यसभा सदस्य शामिल होते हैं.
तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रचंड जीत पर गुरुवार को पार्टी की संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी का शानदार स्वागत हुआ है. बीजेपी सांसदों ने मोदी जी का स्वागत है और मोदी जीत की गारंटी के नारे लगाए. बैठक में संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ‘जीत से 2024 का मार्ग प्रशस्त हुआ है. पीएम के नेतृत्व ने घमंडिया की नींद उड़ा दी है. जनता ने फिर सिद्ध किया, मोदी है तो मुमकिन है.’
संसद भवन परिसर में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री के पहुंचते ही बीजेपी सांसदों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और ‘स्वागत है भाई स्वागत है, मोदी जी का स्वागत है’ के नारे लगाए.
पीएम मोदी ने बैठक के दौरान कहा, ये किसी की निजी जीत (विधानसभा चुनाव में जीत) नहीं है, बल्कि सामूहिक जीत है. पीएम ने कहा, मुझे ‘मोदी जी’ बनाकर जनता से दूर मत करो. उन्होंने कहा, मैं मोदी हूं. बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि आकांक्षी जिलों में काम करने का लाभ मिला है, वहां करीब साठ सीटें जीती हैं. यह बताता है कि अगर जमीन पर काम करें तो अनुकूल परिणाम मिलते हैं. पीएम ने कहा कि बीजेपी की राज्यों में सरकार रिपीट होने का 58 फीसदी रिकॉर्ड है, जबकि कांग्रेस का केवल 18 फीसदी ही है.!













