बीकानेर, 14 अगस्त। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ के आचार्य श्री जिन पीयूष सागर सूरीश्वरजी व साध्वी वृंद के सानिध्य में बुधवार को प्रवचन पंडाल में सामूहिक जाप तथा नाहटा चौक के भगवान आदिश्वर मंदिर में भक्ति का आयोजन किया गया। नगर विधायक जेठानंद व्यास ने आचार्य श्री से आशीर्वाद लेकर 2800 हजार टी शर्ट वितरण का आगाज किया। भवोवधितरक, शिव सुखकारक श्री 45 आगम अनुष्ठान के तहत बुधवार को आगम वाटिका में ’’श्रीचन्द्र प्रज्ञप्ति सूत्र’ की आराधना की गई। गुरुवार को कल्विका सूत्र की वंदना की जाएगी।
विधायक जेठानंद व्यास ने इस अवसर पर धर्मचर्चा में कहा कि आचार्यश्री सहित 18 मुनियों, पांच साध्वी वृंद के चातुर्मास से बीकानेर में जैन धर्म के आदर्शों, विशेषकर भगवान महावीर स्वामी के सिद्धान्तों सत्य, अहिंसा, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह व अस्तेय की प्रतिष्ठा होगी। प्रवचनों से प्रेरणा लेकर श्रावक-श्राविकाएं बुराइयों से बचेंगे तथा अच्छाइयों को ग्रहण कर सच्चा, नेक व धार्मिक इंसान बनेंगे। उन्होंने आचार्यश्री के सान्निध्य में शिवबाड़ी के गंगेश्वर पार्श्वनाथ की प्रतिष्ठा व बेगानी चौक के चंदा प्रभु, पांचू गांव के प्राचीन मंदिर के जीर्णोंद्धार व नवीनीकरण कार्यों को अनुकरणीय बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि बीकानेर में भगवान पार्श्वनाथ के 2800 निर्वाण दिवस पर उनके नाम से चौराहा विकसित करने में पूर्ण सहयोग करेंगे। विधायक जेठानंद व्यास, सुरेन्द्र व्यास व बाड़मेर के रतन लाल डोसी का अभिनंदन सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट के मंत्री रतन लाल नाहटा, जिनेश्वर युवक परिषद के अध्यक्ष संदीप मुसरफ, मंत्री मनीष नाहटा, विमल सुराणा, धीरज बरड़िया व संतोक चंद मुसरफ ने किया। आचार्यश्री ने 21 दिन से तपस्या करने वाले श्रावक कन्हैयालाल भुगड़ी को वासक्षेप से आशीर्वाद दिया।
बेगानियों के चौक के चंदा प्रभु मंदिर में गुरुवार को आचार्यश्री जिन पीयूष सागर सूरीश्वरजी के सान्निध्य में सुबह छह बजे 18 अभिषेक, दोपहर साढ़े बारह बजे उवसगहरं महापूजन होगा। इसी दिन सुगनजी महाराज के उपासरे में दोपहर ढाई बजे गवली प्रतियोगिता व शाम का कोचरों की दादाबाड़ी में कोचर मंडल की ओर से भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा।
श्री सुगन जी महाराज का उपासरा ट्रस्ट एवं जिनेश्वर युवक परिषद के तत्वावधान में सकलश्री संघ के सहयोग से आयोजित अष्टानिका महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार 16 अगस्त को बीकानेर के सभी जिनालयों में रोशनी, मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ मंदिरों में विशेष अंगी की जाएगी। नाहटा चौक के भगवान आदिनाथ मंदिर में अयति होणे अभिषेक व बैदों के महावीर जी मंदिर मंदिर में शाम आठ बजे वीर मंडल की ओर से भक्ति की जाएगी।
परमात्मा की कृपा को आभार जताएं
आचार्यश्री जिन पीयूष सागर सूरीश्वरजी ने बुधवार को प्रवचन में कहा कि हमें परमात्मा की कृपा का आभार जताना चाहिए। प्रभु सब आपका है, आपके लिए उपयोग होगा। परमात्मा को अपना तथा अपने को परमात्मा प्रभु भक्ति करें। परमात्म भक्ति, देव, गुरु व धर्म के सुकृत्यों में कोई अहंकार, आडम्बर व छल नहीं करें। निष्काम भाव से धार्मिक-आध्यात्मिक व सेवा कार्य करें। बीकानेर के मुनि सम्यक रत्न सागर ने कहा कि दादा गुरुदेव के इकतीसा के एक श्लोक का वर्णन करते हुए कहा कि पाप कर्मों से बचे तथा पुण्यों का संचय करें। परमात्म प्राप्ति व पुण्यों के संचय की प्यास रखे।














