बीकानेर, 08 अगस्त। गणिवर्य श्री मेहुल प्रभ सागर म.सा., मंथन प्रभ सागर, बाल मुनि मीत प्रभ सागर, साध्वी दीपमाला श्रीजी व शंखनिधि के सान्निध्य शुक्रवार को ढढ्ढा कोटड़ी में श्राविकाओं का शिविर हुआ। श्रावक कन्हैयालाल भुगड़ी के चौविहार (बिना अन्न जल का उपवास) के 43 वें दिन की तथा लक्षित लोढ़ा के 7 वें दिन की तपस्या की अनुमोदना की गई। अक्षय निधि तप 12 अगस्त को शुरू होगा वहीं ’’दादा दत्त सूरी’’ तप का समापन 15 अगस्त को होगा। शनिवार को रक्षा बंधन पर्व पर विशेष व्याख्यान होगा।
श्री सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट, अखिल भारतीय खरतरगच्छ युवा परिषद की बीकानेर इकाई की ओर से सकल श्री संघ के सहयोग से आयोजित चातुर्मास के तहत आयोजित शिविर में अनेक श्राविकाओं ने हिस्सा लिया। अखिल भारतीय खरतरगच्छ महिला परिषद की बीकानेर इकाई की मंत्री लीला बेगानी ने बताया कि साध्वी श्री शंख निधि ने शिविर में मुनि व साध्वी वृंद को गोचरी बहराने (देने), सुदेव, सुगुरु भक्ति करने, उनकी वंदना करने के तरीके बताएं। खरतरगच्छ महिला परिषद की बीकानेर की ओर से सभी श्राविकाओं का प्रभावना से अभिनंदन किया गया।
प्रवचन- गणिवर्य श्री मेहुल प्रभ सागर म.सा.,ने शुक्रवार को प्रवचन में कहा कि जो पांच महाव्रतों की पालना करता है, जिन शासन (जैन धर्म) को मानता है तथा जिनेश्वर भगवान की मानता है, उनके उपदेशों व आदर्शों पर जीवन निर्वाह करता है, वह जैनी कहलाता है। दुनियां में जैन धर्म व संस्कृति आदर्श है, जो सभी जीवों के कल्याण का संदेश देता है। अपने आत्म व परमात्म से जुड़ने तथा आत्म कल्याण की बात कहता है। हिंसा, चोरी, काम, क्रोध, लोभ व मोह आदि कषायों, अभक्ष्य सामग्री के उपयोग नहीं करने का संदेश देता है। आत्म को सुख बनाने के लिए जिन शासन में प्रवेश करें तथा मन को टटोले। अपेक्षा, उम्मीद, आकांक्षा को कम करते हुए संयम व संतोषमय परमात्म वाणी के अनुसार जीवन जीए।
बच्चों का शिविर 10 को- गणिवर्य श्री मेहुल प्रभ सागर व साध्वीश्री दीपमाला आदिठाणा के सान्निध्य में रविवार को दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक ढढ्ढा कोटड़ी में बालक-बालिकाओं का शिविर होगा।
रक्षा बंधन उत्सव में भागीदारी- गणिवर्य श्री मेहुल प्रभ सागर म.सा.रविवार को शाम पांच से छह बजे तक बेगानी, कोठारी मोहल्ले में स्थित नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय भंवर लाल कोठारी निवास परिसर में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा के रक्षा बंधन उत्सव में निश्रा प्रदान करेंगे। यह जानकारी वंदे मातरम मंच के विजय कोचर ने दी।
मुमुक्षु सुश्री गुनजी कवाड़ की देशनोक में दीक्षा आज
बीकानेर, 8 अगस्त। साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य रामलालजी महाराज शनिवार को सुबह प्रवचन के समय श्री जैन जवाहर मंडल देशनोक के प्रांगण में सुश्री गुनजी कवाड़ को भगवती दीक्षा चतुर्विद संघ की साक्षी में देंगे।
साधुमार्गी जैन संघ के अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा ने बताया कि श्री साधुमार्गी जैन संघ देशनोक की ओर से मुमुक्षु सुश्री गुनजी कवाड़ का अभिनंदन भूरा पंचायती भवन में किया गया । मुमुक्षु का वरघोड़ा (शोभायात्रा) निकली। मुमुक्षु के दीक्षा के उपलक्ष में भूरा पंचायती भवन में भजन मंडली का आयोजन हुआ। छतीसगढ़ की सुश्री गुनजी कवाड़ सुपुत्री ऋषि व रींकूजी कवाड़ का धमतरी का संकल जैन संघ,श्री साधुमार्गी जैन संघ द्वारा स्वागत किया गया तथा वरघोड़ा निकाला गया।












