गाय है धरती की रानी सबको देती अमृत पानी : रमेश कुमार मोदी
बीकानेर। स्थानीय शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय की करुणा क्लब इकाई एवं स्काउट गाइड टीम ने आज गौ शाला भ्रमण कर गायों की सेवा एवं प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। शाला के वरिष्ठ कब मास्टर रमेश कुमार मोदी एवं शाला प्रधान हनुमान छींपा ने विद्यार्थियों को रैली के द्वारा गौ सेवा हेतु रवाना किया। इस अवसर पर लक्ष्मीनाथ मंदिर स्थित गंगा जुबिली गौ शाला के पशु चिकित्सक श्री मूलचंद प्रजापत ने विद्यार्थियों का स्वागत कर विद्यार्थियों को गायों की प्रजातियों से अवगत करवाया। शाला के स्काउट गाइड सदस्यों एवं करुणा क्लब टीम द्वारा गायों को गुड एवं चारा वितरण किया गया एवं गायों की पूजा भी की गई। गोपाष्टमी पर्व के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए शाला के वरिष्ठ कब मास्टर रमेश कुमार मोदी ने गावो विश्वस्य मातरः का नारा देते हुए गायों को संपूर्ण विश्व की माता बताते हुए वैदिक काल से ही गायों की पूजा का महत्व बताया। इस अवसर पर गायों के लिए निबंध प्रतियोगिता भी की गई। जिसमें विद्यार्थियों ने गायों के विस्तृत विवरण को साझा किया। करुणा क्लब प्रभारी सौरभ बजाज ने बताया कि शाला की स्काउट गाइड एवं करुणा क्लब टीम निरंतर गौ शाला जाकर विद्यार्थियों में गौ माता के बारे में जानकारी दिलाना एवं बच्चों की जीव दैय्या की सेवा हेतु प्रेरित किया जाता है। शाला प्रधान हनुमान छींपा ने शाला की गतिविधियों के बारे में बताते हुए शाला की स्काउट गाइड एवं करुणा क्लब टीम को निरंतर सेवा कार्य करने हेतु प्रेरित किया।



















