Bikaner Live

कोलायत कपिल मुनि सरोवर पर कार्तिक पूर्णिमा का भव्य मेला, आस्था का उमड़ा सैलाब
soni

कोलायत (बीकानेर), 5 नवम्बर 2025।पवित्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को श्री कोलायत स्थित कपिल मुनि सरोवर पर श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना कर दीपदान किया।

सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दीपदान किया, वहीं कपिल मुनि मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर चलता रहा।

शाम को सरोवर तट पर आयोजित भव्य महाआरती ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया। इस अवसर पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी, विधायक जेठानंद व्यास,संभागीय आयुक्त विश्राम मीना, बीकानेर आईजी हेमंत शर्मा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी,भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन आचार्य, पूर्व प्रधान जयवीर सिंह, रविन्द्र सिंह चौहान, मंगेज सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस बार मेले की व्यवस्थाओं का नेतृत्व विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने स्वयं किया। उन्होंने लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर तैयारियों की मॉनिटरिंग की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, यातायात व सफाई जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।

प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से भी सराहनीय प्रयास किए गए। उपखंड अधिकारी राजेश नायक, तहसीलदार पूनम कंवर, पुलिस उपअधीक्षक संग्राम सिंह, थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह सहित अनेक अधिकारियों ने पूरे दिन व्यवस्थाओं की निगरानी की।

गुरुनानक जयंती पर गुरुद्वारा साहिब में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सिख समाज ने विशाल लंगर का आयोजन कर सेवा का संदेश दिया।

पुजारी सोनू सेवग और बनवारीलाल सेवग की अगुवाई में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, हवन और महाआरती संपन्न हुए। संध्या के समय दीपों से सरोवर का पूरा वातावरण जगमगा उठा। श्रद्धालुओं के “हर हर कपिल मुनि” के जयघोष से सम्पूर्ण कोलायत भक्तिमय हो उठा।

कपिल मुनि मेला अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, सामूहिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है।प्रशासन, पंचायत समिति, पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से यह मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

सादर – कार्यालय विधायक श्री कोलायत।

Picture of दिलीप गुप्ता

दिलीप गुप्ता

खबर

Related Post

error: Content is protected !!