बीकानेर 08 नवंबर 2025। भारतीय खेल प्राधिकरण, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार स्पोर्ट्स फैडरेशन के माध्यम से देश भर में अस्मिता खेलो इंडिया का आयोजन करवाया जा रहा है। डिस्ट्रिक्ट पेनचक सिलाट एसोसिएशन के जिला सचिव व पेनचक सिलाट समिति राजस्थान स्टेट ट्रेजरार देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया वुमेन पेनचक सिलाट खेल का आयोजन 16 नवंबर रविवार को डाॅ. करनी सिंह स्टेडियम बीकानेर के नव निर्मित इंडोर स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में आयोजित किया जायेगा। अस्मिता खेलो इंडिया वुमेन लीग में केवल फिमेल एथलीट्स भाग लेगी जिनकी प्रतिभागिता नि:शुल्क रखी गई है। प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास द्वारा किया गया। एक विडियो संदेश जारी कर विधायक जेठानंद ने जिले की महिला खिलाड़ियों को अस्मिता खेलो इंडिया वुमेन पेनचक सिलाट लीग में प्रतिभागिता निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया अस्मिता लीग ‘खेलो भारत नीति’ का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य खेलों को राष्ट्र निर्माण और महिला सशक्तिकरण के माध्यम के रूप में स्थापित करना है। यह पहल विशेष रूप से वंचित और हाशिये पर मौजूद लड़कियों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। यह लीग न केवल ऐतिहासिक असंतुलन को दूर करने का कार्य कर रही है, बल्कि खेलों से जुड़ी महिला प्रतिभाओं को एक नई पहचान भी दे रही है। यह पहल रूढ़िवादी सोच को चुनौती देते हुए महिलाओं को नए रोल मॉडल के रूप में उभरने का अवसर प्रदान कर रही है। अगर सही मंच और मार्गदर्शन मिले, तो बीकानेर की बेटियां भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता रखती हैं।
भाजपा जिला मंत्री किशन चौधरी ने कहा कि जमीनी स्तर की प्रतिभाओं पर इस लीग का ध्यान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य भारत को एक वैश्विक खेल महाशक्ति बनाना है जहां महिलाएं केंद्रीय भूमिका निभायें और खेलों के माध्यम से अपनी पहचान बनायें। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक पारीक, रामकुमार व्यास, नयाशहर मंडल अध्यक्ष विशाल गोलछा, जस्सूसर मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह चौहान, भाजपा खेल प्रकोष्ठ शहर जिला सहसंयोजिका शोभा सारस्वत तथा धनंजय सारस्वत उपस्थित हुए।




























