
बीकानेर, 14 नवंबर। आजादी की लड़ाई में प्राण फूंकने वाले राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यालय संयुक्त निदेशक बीकानेर जोन, कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालयों में आयोजन हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों कर्मचारियों ने मिलकर पूरे जोश के साथ वंदे मातरम गीत गाया। इसके बाद स्वदेशी को अपनाने की शपथ दिलाई गई। सन 1875 में बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचे गए वंदे मातरम गीत और स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान को याद किया गया।
बीकानेर जोन कार्यालय में उपनिदेशक डॉ राहुल हर्ष द्वारा गीत गायन पश्चात स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई गई वहीं स्वास्थ्य भवन प्रांगण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध ने सभी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश गुप्ता, डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ योगेंद्र तनेजा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुशील कुमार सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रमों का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य द्वारा किया गया। ब्लॉक कोलायत के कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक डॉ देवेंद्र चौधरी तथा डॉ पुखराज साध ने शपथ ग्रहण करवाया।
*शनिवार को सभी सरकारी अस्पतालों में गूंजेगा वंदे मातरम*
डॉ पुखराज साधने बताया कि आयोजनों की श्रृंखला में शनिवार को जिले के समस्त सरकारी अस्पतालों पर वंदे मातरम गायन तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन होगा। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, पीबीएम अस्पताल, एसडीएम जिला अस्पताल, बागड़ी अस्पताल नोखा सहित सभी उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित 100 से अधिक अस्पतालों पर एक साथ सुबह 11:00 वंदे मातरम गाया जाएगा।



























